जबलपुर: गोहलपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा कॉलोनी में बुधवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते 30 वर्षीय युवक यशवंत राजपूत की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों और एक नाबालिग को जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में सिवनी जिले की खवासा बॉर्डर के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। माढ़ोताल निवासी मृतक यशवंत राजपूत के खिलाफ भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज थे। बुधवार शाम पुरानी बात को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने और आम जनता में सुरक्षा का संदेश देने के लिए आरोपियों का सरेराह पैदल जुलूस निकाला। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। जबलपुर: श्रावण मास के आनंद महोत्सव के अंतर्गत दूसरे सोमवार 10 अगस्त 2026 को संस्कारधानी जबलपुर में भगवान श्री गुप्तेश्वर महादेव की दिव्य एवं भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। इस संबंध में आयोजकों ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर पूरी यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यात्रा स्वयंभू सिद्धपीठ श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शक्तिनगर कृपाल चौक हाथीताल शास्त्री ब्रिज मालवीय चौक और बड़ा फुहारा होते हुए मिलौनीगंज कटरा हनुमान मंदिर पहुँचेगी जहाँ महाआरती के साथ समापन होगा। भगवान श्रीराम द्वारा वनवास काल में स्थापित यह पौराणिक मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। आयोजकों के अनुसार यात्रा के दौरान भगवान शिव दिव्य पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे और पूरा मार्ग हर-हर महादेव के जयघोष एवं भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहेगा। जबलपुर : रांझी के बड़ापत्थर स्थित सामुदायिक भवन में संचालित नगर निगम की दीनदयाल रसोई में अव्यवस्थाओं और गंदगी का गंभीर मामला सामने आया है। मौके पर पहुंचे लोगों ने रसोई परिसर में साफ-सफाई के अभाव और घटिया भोजन को लेकर भारी असंतोष जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीबों और जरूरतमंदों को पौष्टिक भोजन देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना में स्वच्छता और गुणवत्ता से खिलवाड़ किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से दीनदयाल रसोई का औचक निरीक्षण करने की मांग की है। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता सामग्री के स्तर रसोई की स्वच्छता और प्रतिदिन वितरित भोजन के रिकॉर्ड्स की जांच कराने पर जोर दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जरूरतमंदों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके। कटंगी मार्ग स्थित बेलखाडू के समीप ग्राम खैरी में सुबह करीब 8:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम डोणा से मूंग लेकर जबलपुर मंडी बेचने जा रहे किसानों का ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा घुसा। नाली में डली पुलिया से टकराकर ऑटो वहीं रुक गया जिससे उसमें सवार चारों किसान बाल-बाल बच गए और किसी को भी कोई चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूटने के कारण यह हादसा हुआ। यदि ऑटो पुलिया से टकराकर नहीं रुकता या आगे पलट जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना की भनक लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी मशीन बुलवाई गई और नाली में फंसे ऑटो को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क पर लाया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि न होने से किसानों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जबलपुर: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं और बच्चों के हृदय संबंधी रोगों का बारीकी से परीक्षण कर उचित परामर्श दिया। शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने जन्मजात एवं अन्य हृदय रोगों से पीड़ित कई बच्चों की जांच की। इस परीक्षण में जिन बच्चों में गंभीर हृदय रोग की पुष्टि हुई है या जिन्हें ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई है उन्हें आगे के इलाज के लिए चिन्हित किया गया है। आरबीएसके योजना के तहत इन सभी बच्चों का संपूर्ण इलाज और हृदय शल्य चिकित्सा श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल नवा रायपुर में पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी। जबलपुर : मध्य प्रदेश सरकार के जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पनागर जनपद पंचायत सभागार में उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने स्थानीय उद्यमियों युवाओं और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से करीब तीन घंटे तक सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनते हुए प्रशासनिक पारदर्शिता व त्वरित समाधान के सख्त निर्देश दिए। संवाद के दौरान मंत्री पटेल ने छोटे उद्योगों के विस्तार और स्थानीय समस्याओं के स्थायी निराकरण पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान साप्ताहिक रूप से चलाया जा रहा है जिसके तहत हर शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारी मैदानी स्तर पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निराकरण करेंगे।