सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर भोपाल में नगर निगम द्वारा आवासीय मकानों में संचालित दुकानों पर की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के खिलाफ राजधानी के व्यापारी अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल और आनंद सोनी के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात की। व्यापारियों ने अपनी व्यथा सुनाई कि त्योहारी सीजन से ठीक पहले हो रही इस कार्रवाई से व्यापार बुरी तरह प्रभावित और सहम गया है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि 2005 के बाद से शहर का मास्टर प्लान नहीं आया है जबकि सरकार सभी टैक्स और कमर्शियल शुल्क वसूल रही है। मंत्री विजयवर्गीय ने आश्वासन दिया कि अधिकारियों की नई टीम गठित कर कानूनी रास्ता तलाशा जा रहा है और मास्टर प्लान का ड्राफ्ट मुख्यमंत्री को सौंपा जा चुका है।