जबलपुर: गोराबाज़ार की विवादित शराब दुकान को उखाड़ फेंकने के लिए क्षेत्रवासियों का गुस्सा 7वें दिन भी शांत नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में जुटने वाली भीड़ के दबाव के आगे आखिरकार प्रशासन को झुकना ही पड़ा। तहसीलदार पटवारी और आबकारी विभाग की भारी-भरकम टीम ने मौके पर पहुंचकर जब फीता डाला और नपाई की तो ठेकेदार के आदमियों के हाथ-पांव फूल गए! नपाई के दौरान ठेकेदार पक्ष के लोगों की मौजदूगी से कुछ देर तीखी नोकझोंक और गहमागहमी भी हुई लेकिन पुलिस प्रशासन के कड़े रुख के आगे किसी की न चली। नपाई और पंचनामे के बाद आंदोलनकारियों का दावा है कि शराब दुकान शासन की गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाकर चलाई जा रही है। नकुल गुप्ता पवन कनोजिया उदित पिल्ले और हेमंत मलिक समेत क्षेत्रवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यह महिलाओं और बच्चों के सुरक्षित माहौल की लड़ाई है। अगर जांच रिपोर्ट के बाद भी दुकान नहीं हटी तो आंदोलन इतना उग्र होगा कि संभालना मुश्किल हो जाएगा। जबलपुर के उखरी रोड स्थित विवेकानंद वार्ड में हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए केसरवानी शिक्षा समिति की जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची नगर निगम JDA और पुलिस की संयुक्त टीम को स्थानीय निवासियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई की खबर मिलते ही सैकड़ों रहवासी सड़कों पर उतर आए और पुनर्वास की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घटना की सूचना पर पहुंचे उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे ने मोर्चा संभालते हुए प्रशासन और केसरवानी समाज के प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने रहवासियों को भरोसा दिलाया कि बारिश के मौसम को देखते हुए किसी को भी बिना वैकल्पिक व्यवस्था के नहीं हटाया जाएगा।विधायक ने पात्र परिवारों को JDA के EWS फ्लैट्स में बसाने की घोषणा करते हुए कहा कि फ्लैट के लिए आवश्यक 20 हजार की पंजीयन राशि वह स्वयं वहन करेंगे। साथ ही 5.50 लाख के फ्लैट लगभग 3.84 लाख में उपलब्ध कराकर शेष राशि के लिए आसान किस्तों का प्रबंध किया जाएगा। इस आश्वासन और पंजीयन प्रक्रिया तुरंत शुरू होने के बाद बस्तीवासियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने रिछाई की एक फैक्ट्री से देर रात घर लौट रहे युवक से हुई लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पनागर निवासी पीड़ित अमित खटीक को आधारताल ब्रिज के पास तीन बाइक सवार युवकों ने चाकू दिखाकर रोका था और उससे मोबाइल व ₹8000 नकद छीनकर भाग निकले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घायल पीड़ित का अस्पताल में इलाज कराया और जांच तेज की। जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महाराजपुर निवासी दो आरोपियों कुणाल कोल और अभिषेक चौधरी को दबोच लिया है। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है। जबलपुर की रांझी थाना पुलिस ने पुराना शोभापुर निवासी कुख्यात एवं शातिर बदमाश प्रवीण रजक को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार आरोपी प्रवीण के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास बमबाजी अवैध वसूली और अवैध हथियार रखने जैसे 32 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर के माध्यम से आरोपी के खिलाफ NSA का वारंट जारी कराया था। इसके बाद रांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गृह क्षेत्र पुराना शोभापुर से एक चाइना चाकू के साथ दबोच लिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां मिली हैं जिनके आधार पर आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई की जा रही है।