जबलपुर। मालवीय चौक पर राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर का मामला अब गरमा गया है। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नेताओं ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और ज्ञापन सौंपकर दर्ज प्रकरणों को तत्काल निरस्त करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस व हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। पूर्व मंत्री व विधायक तरुण भनोट युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ नेता आलोक मिश्रा अभिषेक चिंटू चौकसे समेत अन्य कार्यकर्ताओं पर शासकीय कार्य में बाधा डालने की एफआईआर विशुद्ध रूप से राजनीतिक दबाव में दर्ज की गई है। नेताओं का तर्क है कि घटना के उपलब्ध वीडियो फुटेज से साफ जाहिर है कि विरोध-प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण था। कांग्रेस और युवा संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो वे पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त कर साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जबलपुर। शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जबलपुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने बिना फिटनेस और परमिट के दौड़ रही स्कूल बसों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। RTO रिंकू शर्मा के अनुसार जिले में पंजीकृत करीब 800 स्कूल बसों में से केवल 550 बसों के पास ही वैध दस्तावेज मिले। बिना फिटनेस संचालित हो रही लगभग 250 बसों के खिलाफ चेकिंग टीमों ने कार्रवाई करते हुए कई गाड़ियों को जब्त किया है और अब तक 6.60 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया है। कार्रवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार बसों का पीला रंग हॉरिजॉन्टल ग्रिल अग्निशामक यंत्र सीसीटीवी VLTD और पैनिक बटन जैसे सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। RTO अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे mParivahan ऐप के जरिए या स्कूल प्रबंधन से सीधे संपर्क कर बसों की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच अवश्य करें ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो। जबलपुर। शहर के कैफे रेस्टोरेंट और स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही अनैतिक व अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के नेतृत्व में ओमती मदन महल और गोहलपुर क्षेत्र के कई संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए बंद कैबिनों को तत्काल हटवाया गया। साथ ही कई संस्थानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर कुछ प्रतिष्ठानों को सील करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के दलपतपुर घाट पर नहाने के दौरान नर्मदा नदी में डूबी एक बुजुर्ग महिला का शव घटना के तीन दिन बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया है। मृतका की पहचान चौकी लाल निवासी 75 वर्षीय कुसुम बाई लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसुम बाई 20 जुलाई को दलपतपुर घाट पर स्नान करने गई थीं जहां अचानक पैर फिसलने से वे नर्मदा के तेज बहाव में बह गईं। परिजनों की सूचना पर भेड़ाघाट थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने लगातार तीन दिनों तक खोज अभियान चलाया। बुधवार को शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जबलपुर। शहर में दहशत का पर्याय बन चुके शातिर बदमाश अभिषेक पटेल उर्फ छिंगा के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अधारताल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम द्वारा चायना चाकू की खरीद-फरोख्त में लिप्त छिंगा को 38 नग अवैध चाकुओं के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। बदमाश की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और इलाके में फैली दहशत को देखते हुए जबलपुर पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत वारंट जारी किया है। अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार वेलकम कॉलोनी महाराजपुर निवासी अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल के खिलाफ वर्ष 2020 से अवैध वसूली मारपीट आर्म्स एक्ट और अवैध हथियार बेचने जैसे 13 गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी के खौफ के कारण आम जनता रिपोर्ट दर्ज कराने से भी डरती थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में पुलिस ने एनएसए का प्रकरण तैयार कर जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था। वारंट जारी होते ही पुलिस ने आरोपी को एनएसए के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है।