MP में एक बार फिर राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू 13 नगर निगमों में 108 एल्डरमैन नियुक्त मध्यप्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है. भोपाल नगर निगम में 12 जबकि मुरैना सागर रीवा सतना सिंगरौली कटनी छिंदवाड़ा खंडवा बुरहानपुर उज्जैन देवास और रतलाम नगर निगम में 8-8 एल्डरमैन बनाए गए हैं। वहीं प्रदेश के सबसे बड़े नगर निगम इंदौर के साथ ग्वालियर और जबलपुर नगर निगम में अभी एल्डरमैन की नियुक्तियां नहीं हुई हैं। विधानसभा में UCC विधेयक पेश चर्चा कल मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक-2026 सदन में पेश कर दिया। इस पर मंगलवार को चर्चा होगी लेकिन पहले ही दिन इसे लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिल को अनुपूरक कार्यसूची में चोरी-छिपे जोड़ा गया और मंगलवार को भी विरोध जारी रखने का ऐलान किया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि UCC विधेयक पर मंगलवार को चर्चा कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। किसानों पर वाटर कैनन चलाया इंदौर में पश्चिमी रिंग रोड परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के चार गुना मुआवजे की मांग को लेकर करणी सेना परिवार और किसानों ने सोमवार को ट्रैक्टरों के साथ भोपाल कूच का ऐलान किया था। किसानों के रवाना होने के कुछ देर बाद ही पुलिस और प्रशासन ने उन्हें शिप्रा चौराहे पर रोक दिया। किसानों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई। किसानों का आरोप है कि उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। आंसू गैस के गोले दागे गए। इसमें 7 किसान घायल हो गए। इस कार्रवाई के बाद किसान बरलाई जागीर में धरने पर बैठ गए। रीवा में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़ रीवा जिले की चोरहटा पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 अवैध पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन गुप्ता और मंजर अंसारी के रूप में हुई है जिन पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धार जिले से हथियार लेकर रीवा पहुंचे थे। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों की सप्लाई किसी आपराधिक गिरोह को की जानी थी या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश थी। फिलहाल पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। किसानों ने NH-45 पर एक घंटे चक्काजाम किया नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में सोमवार को समर्थन मूल्य पर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने नेशनल हाईवे-45 पर चक्काजाम कर दिया। शाम 5 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला जिससे हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। SDM लिखी बोलेरो ने कुचला पेट फटने से मौत राजगढ़ जिले में राजगढ़-ब्यावरा हाईवे पर SDM लिखी बोलेरो ने किसान को कुचल दिया। हादसा इतना भयंकर था कि किसान का पेट फट गया आंतें बाहर आ गईं। एक पैर टूटकर पेट पर आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बोलेरो समेत फरार हो गया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बांसखेड़ी गांव निवासी किसान मांगीलाल तंवर (28) के रूप में की गई है। बाइक सड़क पर दूर मिली है। लाश की स्थिति बहुत खराब थी। सड़क पर खून के छीटें थे। किसान की हड्डियां चकनाचूर हो गईं। सामान्य से 16% बारिश कम पूर्वी हिस्सा सूखा एमपी के लगभग 90% हिस्से में अगले 4 दिन यानी 23 जुलाई तक हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। इस बीच 4 से 5 जिलों में भारी बारिश यानी हेवी रेन हो सकती है। सोमवार को दमोह मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है जबकि भोपाल इंदौर समेत 47 जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार जुलाई में पिछले 12 दिन से भारी बारिश नहीं हुई है। इसका सीधा असर बारिश के ओवरऑल आंकड़े पर हो रहा है। अब प्रदेश में 16 प्रतिशत कम बारिश हुई है।