Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
20-Jul-2026

सरगुजा संभाग के लखनपुर विकासखंड के पुहपुटरा पंचायत स्थित चिलबिल पंडोपारा में बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और कीचड़ में ग्रामीणों ने धान की फसल रोपकर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चे हादसों का शिकार हो रहे हैं जबकि एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को करीब 2 किलोमीटर तक खाट पर ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में गोतमा से कोतासुरा तक करीब ₹5 करोड़ की लागत से बनी पीडब्ल्यूडी सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के आरोपों को लेकर विवादों में है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के एक महीने के भीतर ही सड़क के शोल्डर धंसने लगे और कई जगह डामर उखड़ गया जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों की केवल मिट्टी और बालू से मरम्मत कर खानापूर्ति की गई। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। वहीं पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप ने कहा कि सड़क में कोई बड़ी दरार नहीं है और जहां मामूली क्षति थी उसकी मरम्मत कर दी गई है। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। संसद के मानसून सत्र में वंदे मातरम् के अपमान या उसे गाने में बाधा डालने को अपराध बनाने संबंधी प्रस्तावित विधेयक को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भारत माता का सम्मान करेगा वही देश में राज करेगा। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती तो उसे अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए। अपने बयान में उन्होंने कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी करते हुए चीन और इटली का भी उल्लेख किया। स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल को लेकर कांग्रेस के अभियान पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था से जुड़े ठेके और अनियमितताओं की शुरुआत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जनता को ठगने का काम पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने किया और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब विष्णुदेव साय सरकार की छवि धूमिल करने के लिए इस मुद्दे को राजनीतिक रूप दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के लगातार संयुक्त दौरों को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में बनी कांग्रेस सरकार हनीमून की सरकार थी बाद में दोनों नेताओं के बीच दूरी आ गई और अब वे फिर साथ नजर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने आरंग विकासखंड के ग्राम बोहरडीह में बाल चौपाल का आयोजन कर बच्चों से सीधा संवाद किया। सोशल मीडिया पर ग्रामीण के आग्रह के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में भारी बारिश के बावजूद बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाल चौपाल के दौरान बच्चों ने मिडिल स्कूल में शौचालय और स्थायी पेयजल व्यवस्था नहीं होने की समस्या उठाई। इसे गंभीरता से लेते हुए आयोग की अध्यक्ष ने तत्काल प्रकरण दर्ज कराया और आरंग के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तथा विद्यालय के प्राचार्य से जवाब तलब करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।