Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
18-Jul-2026

जबलपुर । सीएमओ के एक प्रतिवेदन के बाद थाना प्रभारी पनागर ने चंदन प्रजापति के खिलाफ वित्तीय अनियमितता की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि वर्ष 2022-23 के दौरान एनयूएलएम पोर्टल पर भुगतान में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। इस पूरे मामले का संबंध कुल चार थानों से है जिनमें कुल 4 लाख 28 हजार 600 रुपये की वित्तीय अनियमितता की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल एक थाने में जांच की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जबकि शेष तीन थानों में अभी आधिकारिक पत्र पहुंचना बाकी है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि शिकायती पत्र के तथ्यों और सच्चाई का पूरी तरह परीक्षण किया जा रहा है; यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो चंदन प्रजापति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कल तक जो साथ बैठकर जाम छलका रहे थे आज उनमें से एक श्मशान पहुंच गया और दूसरा जेल की सलाखों के पीछे। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम राजा बरखेड़ा में शराब के नशे में एक ऐसा खूनी खेल खेला गया जिसने दोस्ती को शर्मसार कर दिया। अनिल चौबे उर्फ गुड्डा और उसका 42 वर्षीय दोस्त बृजेश पटेल साथ में महफिल जमाए बैठे थे। शराब का नशा जैसे ही परवान चढ़ा दोनों के बीच किसी बात को लेकर तू-तू-मै-मै शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि अनिल ने आव देखा न ताव डंडा उठाकर बृजेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। लूलहान हालत में बृजेश को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद हरकत में आई भेड़ाघाट पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी अनिल को पहले ही दबोच लिया था। पुलिस ने बताया कि बृजेश की मौत के बाद अब आरोपी के खिलाफ दर्ज हत्या के प्रयास के मामले को हत्या की धारा में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। ​जबलपुर । गन कैरिज फैक्ट्री में पिछले साल उत्पादन तो रिकॉर्ड तोड़ यानी बीते वर्षों से दोगुना हुआ लेकिन कर्मचारियों की किस्मत जस की तस बनी हुई है। एक प्रेस वार्ता में श्रमिक संघ और श्रमिक सेवा संघ के नेताओं ने वर्तमान लाल झंडा कार्य समिति पर तीखा हमला बोला है। नेताओं का आरोप है कि कर्मचारियों ने जिस लाल झंडे पर भरोसा जताया था उसने सिर्फ मायूसी दी है। आज भी कर्मचारी अपने आर्थिक अधिकारों के लिए तरस रहे हैं और इस्टेट के जर्जर क्वार्टर व बदहाल सड़कें इस बात का जीता-जागता सबूत हैं। जबलपुर। म.प्र. उच्च न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय छात्र परिषद के संयोजक एवं अधिवक्ता धीरज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में राष्ट्र के नाम एक पौधा अभियान के तहत दिवंगत अधिवक्ताओं की स्मृति में 501 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में म.प्र. उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश विशाल धगट के करकमलों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं की उपस्थिति में न्यायाधीश धगट का सम्मान पत्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर धीरज सिंह ठाकुर और अधिवक्ता असीम त्रिवेदी ने कहा कि दिवंगत अधिवक्ताओं को श्रद्धांजलि देने की यह अनूठी पहल पर्यावरण संरक्षण हरित भारत निर्माण और जनजागरूकता के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा पौधे हैं तो दुनिया है और इस तरह के कार्यक्रम प्रति वर्ष आयोजित किए जाएंगे। जबलपुर: महाकौशल के सबसे बड़े फैशन शो एसजेएफ फैशन वीक 2026 का भव्य आयोजन 25 जुलाई को होटल शॉन एलीजे में होने जा रहा है। श्रीयष्टि व एसजेएफ डिज़ाइनर स्टूडियो द्वारा आयोजित इस शो में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के युवाओं के साथ इंटरनेशनल मॉडल्स भी रैंप पर जलवा बिखेरेंगी। फाउंडर नितिन जायसवाल और मुख्य डिज़ाइनर सृष्टि जायसवाल ने बताया कि यह मंच युवाओं के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को निखारने का काम करेगा। शो में 80 से अधिक शिल्पकारों द्वारा तैयार पारंपरिक लहंगे और इंडो-वेस्टर्न डिज़ाइनों का खास कलेक्शन पेश किया जाएगा। इस आयोजन को BGauss इलेक्ट्रिक स्कूटर और कई नामचीन मेकओवर आर्टिस्ट्स का सहयोग मिल रहा है। जबलपुर । शहर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में 15 दिनों का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खमरिया पुलिस और डुमना चौकी ने संयुक्त रूप से डुमना रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की। चेकिंग के दौरान तीन सवारी बैठने वाले और बिना हेलमेट घूम रहे चालकों को रोककर उन्हें सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को सख्त लहजे में समझाइश दी कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और दोबारा ऐसी लापरवाही न दोहराएं ताकि सड़क दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके।