अमेरिका का भारत के चाबहार पोर्ट पर अटैक कंट्रोल टावर को बनाया निशाना अमेरिका ने शुक्रवार को लगातार छठी रात ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इस दौरान भारत के निवेश वाले चाबहार पोर्ट को भी निशाना बनाया गया। हमले में पोर्ट के कंट्रोल (निगरानी) टावर को नुकसान पहुंचा है।अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कंट्रोल टावर के क्षतिग्रस्त होने की तस्वीर भी शेयर की है। ईरानी समाचार एजेंसी मेहर ने चाबहार पोर्ट और कंट्रोल टावर पर अमेरिकी हमले की पुष्टि की है। पिछले एक हफ्ते में इस टावर पर यह तीसरा हमला है। मानसून सत्र 20 जुलाई से सरकार 7 बिल लाएगी 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र के लिए सरकार ने एजेंडा तय कर लिया है। एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक लोकसभा में 7 बिल पेश किए जाएंगे।इन सात बिलों में वंदे मातरम के अपमान और विदेशी चंदा कानून में संशोधन शामिल है। वहीं 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र में कांग्रेस समेत विपक्षी दल NEET-UG पेपर लीक अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी अयोध्या राम मंदिर दान विवाद E20 ईंधन और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल 20वें दिन जारी शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन शुक्रवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गया। वांगचुक ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर 20 जुलाई तक जीवित रहेंगे। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लंबे उपवास के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई है और अंगों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।जंतर-मंतर पर परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन 28वें दिन भी जारी रहा। वांगचुक ने समर्थकों से 20 जुलाई को संसद तक होने वाले शांतिपूर्ण मार्च में भारी संख्या में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे लोकतंत्र के मंदिर में अपनी बात रखेंगे। पुरी रथयात्रा में 10 लाख श्रद्धालु शामिल दो की मौत ओडिशा के पुरी में गुरुवार को लगातार बारिश के बीच भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा हुई। सरकार ने रथयात्रा के दौरान हुई दो श्रद्धालुओं की मौत पर कहा कि दोनों मौतें भगदड़ या भीड़ प्रबंधन में किसी कमी की वजह से नहीं हुईं।CMO के मुताबिक रथयात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने पर 7 श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया गया था। इनमें 60 साल के एक श्रद्धालु की मौत हुई जिसकी वजह का अभी पता लगाया जा रहा है। वहीं 35 वर्ष से ज्यादा उम्र के दूसरे श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हुई। देश के 60% हिस्से में फिर बादल छाए देश के करीब 50-60% हिस्से में फिर बादल छाए दिख रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से यूपी बिहार समेत पूर्वोत्तर में बारिश हो रही है। यहां अगले 7 दिनों में तेज बारिश का अलर्ट है।वहीं ऑल इंडिया वेदर के मुताबिक भूमध्य रेखा के पास भी एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इन दो नए सिस्टम के एक्टिव होने से 20 से 30 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश समेत उत्तर और मध्य भारत में बारिश की संभावना है।