Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
16-Jul-2026

अपने घर से भागकर जबलपुर पहुँची शहडोल की एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को जबलपुर महिला थाना पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण देकर उसकी मदद की। शहडोल से भागकर आई इस नाबालिग लड़की ने अपने सगे पिता पर बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं जिसके बाद पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया। इस संवेदनशील मामले की जानकारी मिलते ही शहडोल पुलिस की एक टीम तुरंत जबलपुर पहुँची। इसके साथ ही जबलपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लड़की की माँ को भी सूचित कर मौके पर बुलवा लिया है। फिलहाल शहडोल पुलिस नाबालिग को उसकी माँ के साथ वापस शहडोल ले जाने की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है जहाँ पिता पर लगाए गए गंभीर आरोपों की बारीकी से जाँच की जाएगी। जबलपुर में पुलिस विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। लार्डगंज थाना क्षेत्र में डिस्ट्रिक्ट स्पेशल ब्रांच के नवनिर्मित अत्याधुनिक भवन का भव्य लोकार्पण मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। आधुनिक संचार और तकनीकी सुविधाओं से लैस यह नया परिसर खुफिया सूचनाओं के संकलन कानून-व्यवस्था की निगरानी और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी व गोपनीय ढंग से निपटाने में मदद करेगा। उद्घाटन के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कहा कि बुनियादी ढांचे का यह विकास पुलिस बल की कार्यकुशलता और मनोबल को बढ़ाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमखेरा पेट्रोल पंप के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ ईंटों से भरा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि हादसे से ठीक कुछ क्षण पहले मकान के सामने खेल रहे दो मासूम बच्चे वहाँ से हट गए थे जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। शहर में मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव और नगर निगम की लचर कार्यप्रणाली के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारेबाजी के बीच हुए इस प्रदर्शन के दौरान विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व विधायक तरुण भनोट ने अग्रिम पंक्ति में रहकर मोर्चा संभाला और निगम प्रशासन पर जमकर बरसे। नेताओं ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि संस्कारधानी की जनता से नियम से भारी-भरकम टैक्स वसूला जा रहा है लेकिन बदले में उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नसीब नहीं हो रही हैं। हालात यह हैं कि बरसात में पूरा शहर जलभराव से डूब जाता है गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए हाहाकार मचता है और बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण गलियों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने निगम और जिला प्रशासन को आखिरी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की इन बुनियादी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में पार्टी जनता के हक के लिए इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन करेगी। शहर के हृदय स्थल बड़े फुहारा से गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का शुभारंभ अगाध श्रद्धा भक्ति और अपार उत्साह के साथ हुआ। पूज्य साधु-संतों के पावन सानिध्य एवं नेतृत्व में निकली इस भव्य रथयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान श्री जगन्नाथ भइया बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ के दर्शन करने तथा पवित्र रथ को खींचने की एक अनूठी होड़ और विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा मार्ग जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर भगवान के दर्शन किए और अपने परिवार सहित देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति द्वारा इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी साथ ही यात्रा मार्ग में महाप्रसाद के रूप में मीठे चावल और बूंदी का वितरण भी किया गया। आयोजकों ने भगवान श्री जगन्नाथ से प्रार्थना की कि वे सभी भक्तों पर अपनी असीम कृपा बनाए रखें और समाज में सुख शांति एवं भाईचारा कायम रहे।