1. शेयर बाजार में शानदार तेजी घरेलू शेयर बाजार में आज मजबूती का माहौल देखने को मिला। सेंसेक्स करीब 350 अंकों की बढ़त के साथ 77600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है जबकि निफ्टी भी 100 अंकों से अधिक चढ़कर 24200 के करीब पहुंच गया। बाजार में मीडिया कंज्यूमर ड्यूरेबल और आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। निवेशकों की मजबूत लिवाली से प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। 2. IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट लॉन्च भारतीय रेलवे ने IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग को पहले से अधिक आसान और तेज बनाना है। इसमें सभी क्लास की उपलब्ध सीटें एक साथ दिखाई देंगी फास्टर चेकआउट की सुविधा मिलेगी और टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत नहीं होगी। यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर वेबसाइट में आगे और सुधार किए जाएंगे। 3. डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी बढ़ी केंद्र सरकार ने देश में ईंधन की उपलब्धता बनाए रखने के लिए डीजल और विमान ईंधन यानी ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी है। डीजल पर ड्यूटी 8.50 रुपये से बढ़ाकर 15.50 रुपये प्रति लीटर और ATF पर 7.50 रुपये से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं पेट्रोल एक्सपोर्ट पर ड्यूटी 4 रुपये से घटाकर 2.50 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। नई दरें 16 जुलाई से पूरे देश में लागू हो गई हैं। 4. इंस्टामार्ट पर अब 30 से 45 मिनट में मिलेगा LPG सिलेंडर स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी HPCL के साथ साझेदारी कर LPG सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। शुरुआती चरण में यह सुविधा बेंगलुरु में शुरू होगी जहां ग्राहक 5 किलो और 10 किलो के LPG सिलेंडर ऐप के जरिए ऑर्डर कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि सिलेंडर की डिलीवरी 30 से 45 मिनट के भीतर की जाएगी। यह देश में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए LPG डिलीवरी की पहली पहल मानी जा रही है।