Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
14-Jul-2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव लाकर किसानों को खाद नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए जिसके बाद वे स्वतः निलंबित हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश में डीएपी और पोटाश की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान खाद के लिए भटक रहे हैं जबकि निजी व्यापारियों के पास उर्वरक उपलब्ध है। जवाब में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। सरकार ने पर्याप्त भंडारण किया है और अमानक खाद के 94 मामलों में कार्रवाई की गई है। वहीं सदन के बाहर भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार खुद डीएपी की कमी और अमानक खाद की बात स्वीकार कर रही है तथा कम बारिश के कारण किसान परेशान हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में औद्योगिक दुर्घटनाओं और श्रमिकों की मौत का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सक्ती के सिंघितराई स्थित वेदांता प्लांट हादसे में 25 लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने का मामला उठाते हुए सेफ्टी ऑडिट और दोषियों पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि राज्य की पांच प्रमुख औद्योगिक दुर्घटनाओं के बाद सेफ्टी ऑडिट कराया गया है। वेदांता मामले में निदेशक अनिल अग्रवाल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है तथा पुलिस जांच जारी है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी औद्योगिक हादसों में जिम्मेदार लोगों पर समान कार्रवाई की मांग उठाई और सरकार पर वेदांता समूह पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया। वहीं मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में मृतक श्रमिकों के परिजनों को 13 से 14 लाख रुपये तक मुआवजा दिया जा रहा है। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा नक्सली नेता हिड़मा को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा ने बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है जबकि अटल श्रीवास्तव ने अपनी टिप्पणी का बचाव किया है। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी चिंता बस्तर के जल जंगल और जमीन की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय नक्सली विचारधारा या हिंसक गतिविधियों का समर्थन करना नहीं था बल्कि जल जंगल और जमीन की रक्षा के संदर्भ में अपनी बात कही थी। वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि हिड़मा जैसे नक्सली का नाम इस तरह लेना गंभीर मामला है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से पूछा कि क्या अटल श्रीवास्तव के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ को लेकर लाए गए आभार प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने प्रस्ताव का विरोध करते हुए सदन की कार्यवाही के बहिष्कार का ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि प्रस्ताव में नक्सल हिंसा में शहीद जवानों और आम नागरिकों का उल्लेख नहीं है। उन्होंने इसे वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बताते हुए कांग्रेस के चर्चा में शामिल नहीं होने की बात कही। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय सुरक्षा बलों के पराक्रम और केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए विधानसभा में केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रस्ताव पारित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मंत्रियों तथा सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने भी पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। उन्होंने सभी लोगों से अपनी मां के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने की अपील की।