Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
11-Jul-2026

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की प्रतिक्रिया सामने आई है। टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का कोई तय कार्यकाल नहीं होता और किसे कौन-सी जिम्मेदारी मिलेगी इसका फैसला पार्टी हाईकमान करता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट से बचने की सलाह दी।वहीं दीपक बैज ने कहा कि किसी भी पद पर बने रहने का फैसला व्यक्ति के काम और प्रदर्शन पर निर्भर करता है। टी.एस. सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह पार्टी हाईकमान का विषय है। इस बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस की अंदरूनी चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी में आंतरिक मतभेद कोई नई बात नहीं है। मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को लेकर उठे विवाद पर छत्तीसगढ़ में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में भाजपा के भीतर असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी में बड़ा राजनीतिक विस्फोट देखने को मिल सकता है। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि टिकट घोषणा के बाद शुरुआती प्रतिक्रियाएं स्वाभाविक होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और सभी कार्यकर्ता अंततः पार्टी के निर्णय को स्वीकार करते हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित समस्त प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के लिए सिर पर बर्फ जुबान पर चीनी और पैरों में चक्र का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संयमित मधुर व्यवहार वाला और जनसंपर्क में लगातार सक्रिय रहना चाहिए मुख्यमंत्री के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले सरकार और मंत्रियों को भ्रष्टाचार और कथित अनियमितताओं से बचने की सीख दी जानी चाहिए। उन्होंने सड़क निर्माण खरीद प्रक्रियाओं और टेंडर से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के अंतरिम आदेश के बाद शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फिलहाल सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई भूजल संरक्षण और पर्यावरणीय मानकों के पालन से जुड़े मामले में नोटिसों का समय पर जवाब अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने तथा करीब 1.25 लाख रुपये की बकाया पेनल्टी जमा नहीं होने के कारण की गई है मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। इस बीच खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले का संज्ञान ले लिया है और सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर NGT के समक्ष अनुपालन रिपोर्ट पेश की जाएगी ताकि स्टेडियम से प्रतिबंध हटाया जा सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में कुल 18805.83 करोड़ रुपये सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।