नरोत्तम मिश्रा आउट आशुतोष तिवारी इन भाजपा ने पिछला विधानसभा चुनाव हारे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया उपचुनाव का टिकट नहीं दिया। पार्टी ने शुक्रवार को आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने दिल्ली हाईकोर्ट से राजेंद्र भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के तुरंत बाद लिस्ट जारी की है। उधर उपचुनाव की घोषणा के बाद से नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारियों में जुटे थे। सभाएं करके अपनी पुरानी गलतियों पर माफी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी। अब तक 13 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदा है। इनमें से 4 ने जमा कर दिया है। गौरतलब है कि आशुतोष तिवारी ने 2023 में सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र से BJP का टिकट मांगा था लेकिन यह टिकट प्रदीप अग्रवाल को दिया गया। तिवारी भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वे M.P. हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन के पद पर भी रहे हैं। अतिथि विद्वानों के हित में आवश्यक संभव कदम उठाये जाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अतिथि विद्वानों के परिश्रम का सम्मान करते हुए राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि अतिथि विद्वानों की सभी मांगों पर विचार करने के लिए सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। इस समिति की अनुशंसाएं आना अभी शेष है। समिति की अनुशंसाएं प्राप्त होते ही सरकार उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे अतिथि विद्वानों के हित में आवश्यक संभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को रवीन्द्र भवन में प्रदेश स्तरीय अतिथि विद्वान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालयों में सेवाएं दे रहे अतिथि विद्वानों द्वारा इनके हित में कई नवाचारी एवं सम्मानपूर्ण निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय अभिनदंन किया गया। अतिथि विद्वानों ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर एवं तुलसी का पौधा भेंटकर स्वागत किया। दिग्विजय सिंह की पदयात्रा का स्वागत किया जाना चाहिए दिग्विजय सिंह की अयोध्या पदयात्रा को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यदि 80 वर्ष की आयु में कोई धार्मिक पदयात्रा कर रहा है तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह आज भी एक बुद्धिमान और सक्रिय नेता हैं तथा कांग्रेस के युवा नेताओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जो नेता हवाई जहाज कार और साइकिल पर बैठकर रील बनाने में व्यस्त रहते हैं उन्हें देखना चाहिए कि 80 साल का नौजवान आज भी पैदल चलने को तैयार है। युवाओं को जमीन से जुड़कर राजनीति करने की सीख लेनी चाहिए। मऊगंज में गौशालाओं में 50 करोड़ के घोटाले का आरोप मऊगंज जिले में गौशालाओं के संचालन और गोवंश के संरक्षण के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाले का मामला सामने आया है। नाम छापने की शर्त पर शिकायतकर्ता ने कहा कि कागजों पर गायों की फर्जी संख्या बढ़ाकर सरकार से भारी-भरकम अनुदान हड़पा गया है।इस मामले में पशुपालन विभाग के तत्कालीन उपसंचालक जे.एल. साकेत कुछ संचालकों और बिचौलियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।एक आरटीआई में दावा किया गया कि सरकारी पोर्टल पर तो हजारों गायें दर्ज हैं लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है। निवाड़ी में पूर्व BJP उपाध्यक्ष का वीडियो वायरल निवाड़ी के पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल पांडे का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पांडे जिले के भविष्य को लेकर विवादित बयान देते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद अनिल पांडे ने इसे पूरी तरह फर्जी और एडिटेड बताते हुए विरोधियों पर उनकी छवि खराब करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। मास्टर प्लान पर विधायक-अध्यक्ष भिड़े भोपाल कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को दिशा की बैठक में मास्टर प्लान लागू नहीं होने के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और विधायक आतिफ अकील की फंदा जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत से तीखी बहस हो गई। एक-दूसरे की ओर उंगली दिखाकर बात करने से विवाद और बढ़ गया। प्रमोद ने विधायकों को औकात में रहकर बात करने की नसीहत दे दी।