भाजपा की और से प्रत्याशी की घोषणा नहीं नरोत्तम मिश्रा ने खरीद लिया नामांकन पत्र दतिया उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। बुधवार को बीजेपी के सीनियर लीडर और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीद लिया है। हालांकि पार्टी की तरफ से अभी किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। उधर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कहा है कि यदि पार्टी चाहे तो उनके परिवार के बजाय किसी अन्य नेता को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। कांग्रेस जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी वे उसके समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे।बुधवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अलावा बालकिशन विश्वकर्मा (छतरपुर) वेदराम कुर्मी (दमोह) और हंसमुखी लोधी ने भी नामांकन पत्र खरीदे। इसके साथ ही 3 दिन में नामांकन फॉर्म लेने वालों की कुल संख्या 9 हो गई है।पहले दिन सोमवार को आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव और केशव यादव ने फॉर्म खरीदे थे। मंगलवार को कांग्रेस नेता अवधेश नायक के साथ हरदास और रामसिंह ने भी नामांकन पत्र लिए। हालांकि अब तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है। भिंड में सीएम के आगमन की तैयारियां तेज भिंड जिले में 12 जुलाई (रविवार) को मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि अभी अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है लेकिन प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मेहगांव में आयोजित समारोह में शामिल हो सकते हैं और लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त एक क्लिक के माध्यम से पात्र महिलाओं के खातों में जारी कर सकते हैं। मंदिरों का हवाला देकर सरकार पर बरसे जमीयत के सदर मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों की नियुक्ति को लेकर जारी विवाद के बीच जमीयत उलेमा मध्यप्रदेश के सदर मुफ्ती मोहम्मद अहमद ने सरकार के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि इससे पारदर्शिता आएगी लेकिन जो लोग अपनी धार्मिक संस्थाओं के मामलों को ही ठीक से नहीं संभाल पा रहे वे वक्फ की धार्मिक संपत्तियों और संस्थाओं की सुरक्षा कैसे करेंगे। 3 सेकेंड में 4 बार पलटी कार वीडियो सीहोर जिले के भेरुंदा में एक कार ने 3 सेकेंड में 4 बार पलटी खाई। फिर सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। इस दौरान कार का ड्राइवर हवा में 20 फीट तक उछला। 6 जुलाई को हुए इस हादसे का वीडियो बुधवार को सामने आया है।एक्सीडेंट में एक युवती की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हैं। जानकारी के अनुसार टवेरा कार में सवार सभी लोग खंडवा के रहने वाले थे। वे किसी काम से नरसिंहपुर जा रहे थे। भादाकुई के पास ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया। ग्वालियर-चंबल में आज हेवी रेन भिंड में रेड अलर्ट मध्य प्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। पूरे प्रदेश में सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हो रही है। बुधवार को प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। इस वजह से हालात भी बिगड़ गए। कई रास्ते बंद हुए हैं और जनजीवन खासा प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को भिंड में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुरैना ग्वालियर दतिया शिवपुरी निवाड़ी टीकमगढ़ राजगढ़ आगर-मालवा और रतलाम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।