बीजेपी कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली के साथ-साथ बगलामुखी मंदिर में हुई चोरी की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बगलामुखी मंदिर में हुई चोरी पर कहा कि सरकार ऐसे मामलों में बेहद सख्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधी चाहे कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। हमारी सरकार में ऐसी घटनाओं पर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। वहीं स्कूलों में लागू ई-अटेंडेंस को लेकर जारी विवाद पर मंत्री ने कहा कि परीक्षा का स्तर अटेंडेंस से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों को आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों (DO) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और परीक्षा परिणामों में भी सकारात्मक बदलाव दिख रहे हैं।