छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पथ परियोजना को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति हर छत्तीसगढ़वासी की गहरी आस्था है और राम वन गमन पथ का निर्माण प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। मंत्री के मुताबिक इस योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में की गई थी लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान यह परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक को लेकर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह पार्टी की नियमित बैठक है। इसमें विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों की उपस्थिति सदन की कार्ययोजना और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ सदन में रखते हैं। बैठक का उद्देश्य सत्र के दौरान बेहतर समन्वय के साथ जनता के हितों से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से उठाना है। छत्तीसगढ़ में अंतरधार्मिक निकाह को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित नियमों के तहत अगस्त 2026 से गैर-मुस्लिम से निकाह करने के लिए छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की लिखित अनुमति अनिवार्य की जा सकती है। प्रस्ताव के अनुसार निकाह कराने वाले सभी मौलाना और काजी का पंजीकरण अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत मौलाना और काजी ही निकाह संपन्न करा सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भी प्रावधान रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि अनुमति दोनों पक्षों की सहमति पहचान और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही जारी की जाएगी। हालांकि इस संबंध में अभी अंतिम अधिसूचना जारी नहीं हुई है और प्रस्तावित व्यवस्था पर आगे की प्रक्रिया जारी है। ग्राम नकटी में हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रेसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला पूर्व विधायक विकास उपाध्याय शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे और नकटी जांच समिति के सदस्य मौजूद रहे। धनेन्द्र साहू ने आरोप लगाया कि नकटी में मकानों को तोड़ना भाजपा सरकार का अपराधिक और अमानवीय कृत्य है। उनका कहना था कि बिना उचित योजना और ग्रामीणों से चर्चा किए बारिश के मौसम में बुलडोजर चलाकर गरीब परिवारों को बेघर कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई में करीब 85 मकान जिनमें 25 से अधिक प्रधानमंत्री आवास भी शामिल हैं ध्वस्त किए गए। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि जमीन अवैध थी तो वहां प्रधानमंत्री आवास राशन कार्ड आधार कार्ड और बिजली जैसी सरकारी सुविधाएं कैसे उपलब्ध कराई गईं। धनेन्द्र साहू ने आरोप लगाया कि विधायक आवास के लिए अन्य शासकीय भूमि उपलब्ध होने के बावजूद नकटी गांव को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के दस्तावेजों के अनुसार भविष्य में गांव की करीब 72 एकड़ भूमि भी खाली कराई जा सकती है जिससे पूरे गांव में असुरक्षा का माहौल है। कांग्रेस ने कार्रवाई की न्यायिक जांच जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती तो पार्टी इस मामले को न्यायालय तक ले जाएगी। गरियाबंद जिले के बजाड़ी गांव में दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन मिलने की सूचना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। जनपद सदस्य सुभाष यादव की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्र अधिकारी अश्वनी दास के नेतृत्व में रात्रि गश्त के दौरान पैंगोलिन को सुरक्षित पकड़कर विभाग के संरक्षण में लिया गया। वन विभाग द्वारा वन्यजीव के स्वास्थ्य की जांच के बाद उसे नियमानुसार सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की प्रक्रिया की जा रही है। वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी पैंगोलिन या अन्य दुर्लभ वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें छूने या पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।