Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
06-Jul-2026

जबलपुर के गोहलपुर सब्जी मंडी में दुकान और ठेला लगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 3 जुलाई की बताई जा रही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में 8 से 10 लोग सब्बल और अन्य धारदार हथियारों के साथ एक पक्ष पर बेरहमी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं जिससे मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता गुलनाज बानो ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोहलपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसआई रवि सिंह परिहार के अनुसार वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शहर में पहली बार आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन जबलपुर हेमेटोलॉजी एवं ऑन्कोलॉजी अपडेट-2026 का सफल समापन हुआ। वरिष्ठ हेमेटोलॉजिस्ट डॉ. आशीष गुप्ता के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में मुंबई नई दिल्ली और बेंगलुरु के शीर्ष विशेषज्ञों ने एनीमिया सिकल सेल और ब्लड कैंसर जैसे गंभीर रोगों के शीघ्र निदान और इम्यूनोथेरेपी जैसी आधुनिक उपचार पद्धतियों पर मंथन किया। सम्मेलन में बोन मैरो बायोप्सी की प्रैक्टिकल कार्यशाला भी हुई जिसमें चिकित्सा जगत के 200 से अधिक डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य स्थानीय मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। डॉक्टर के घर देर रात डकैती की कोशिश से ग्वारीघाट क्षेत्र की रिलायबल कॉलोनी में दहशत फैल गई। निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. विपिन अग्रवाल के घर चार नकाबपोश बदमाश कटर और लोहे के औजारों से मुख्य दरवाजा तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। रात करीब 2 बजे आवाज सुनकर डॉक्टर ने बालकनी से देखा और शोर मचाते हुए डायल-112 व पड़ोसियों को सूचना दी। शोर सुनते ही कॉलोनी के लोग जाग गए और बदमाश रेलवे पटरी की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीछा किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती के प्रयास का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों ने बिल्डर पर सुरक्षा दीवार नहीं बनाने का आरोप लगाते हुए कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शांतिनगर पुलिय पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। ट्रक ड्राइवर मोहन सेन ने बताया कि सामने से आ रही एक कार में सवार कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर लापरवाही से गाड़ी लहरा रहे थे। उसी कार से आमने-सामने की खूनी भिड़ंत को टालने के लिए उसने सूझबूझ दिखाई और ट्रक को अचानक मोड़ दिया जिससे भारी वाहन अनियंत्रित हो गया। गनीमत रही कि देर रात सड़क खाली होने से कोई जनहानि नहीं हुई। गोहलपुर पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर जाम खुलवाया और फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के जरिए कार सवारों की तलाश कर रही है। पनागर थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक ज्ञान सिंह ठाकुर और देव प्रकाश दुबे के परिवारों के बीच तीखी बहस के बाद दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के दो-दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। घटना के बाद पनागर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज किया है। फरियादी ज्ञान सिंह ठाकुर की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है वहीं देव प्रकाश दुबे की शिकायत पर भी दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। पनागर थाने के उप निरीक्षक आकाश सिंह राजपूत के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की विस्तृत जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आशा-ऊषा एकता पर्यवेक्षक यूनियन के बैनर तले आज संगठन की महिलाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाएं नारेबाजी करते हुए सीधे कलेक्टर कक्ष तक पहुंच गईं जिससे कार्यालय में अचानक गहमा-गहमी की स्थिति बन गई। माहौल बिगड़ता देख आनन-फानन में महिला पुलिस और ओमती थाना प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। ​इसके बाद अपर कलेक्टर ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मौके पर बुलाया और संगठन की पदाधिकारियों से सीधी चर्चा की। यूनियन की सचिव पूजा कनौजिया ने बताया कि वे कई वर्षों से अपनी जायज मांगों और समस्याओं को लेकर लड़ाई लड़ रही हैं लेकिन पूर्व में दिए ज्ञापनों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है जिसके चलते आज उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं की पीड़ा सुनने के बाद आश्वासन दिया है कि उनकी स्थानीय समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा और शासन स्तर की मांगों को आगे भेजा जाएगा जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित सूपाताल तालाब में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बीटी तिराहा निवासी अमर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि रविवार रात दोस्तों ने मारपीट के बाद अमर को तालाब में फेंक दिया। पुलिस डूबने और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है तथा मृतक के दोस्तों से पूछताछ जारी है।