सागर जिले के देवरी क्षेत्र ग्राम मढ़पिपरिया में अग्निवीर योजना के तहत प्रशिक्षण पूर्ण कर देश सेवा के संकल्प के साथ घर लौटे ग्राम मढ़पिपरिया निवासी जवान कपिल लोधी का सोमवार को क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंज उठा। जानकारी के अनुसार कपिल लोधी के स्वागत के लिए ग्राम महाराजपुर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मित्र और शुभचिंतक एकत्रित हुए। यहां से डीजे ढोल-नगाड़ों और वाहन रैली के साथ उनका स्वागत जुलूस निकाला गया। जुलूस में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच लोगों ने जवान का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।