Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
04-Jul-2026

जबलपुर। शहर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अधारताल थाना क्षेत्र के महाराजपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र पर दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र विनायक पटेल स्कूल की छुट्टी के बाद अपने दोस्तों के साथ घर जा रहा था तभी इलाके के शातिर बदमाश गुल्लू उपाध्याय और सक्षम दुबे ने उसे घेर लिया और जबरन पैसों की मांग करने लगे। जब छात्र ने पैसे देने से साफ मना किया तो दोनों आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में छात्र के दोस्तों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहाँ उसका इलाज जारी है। पीड़ित छात्र की शिकायत पर अधारताल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जबलपुर: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लोकमत पत्र समूह के संस्थापक स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा की स्मृति में जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार में एक विशेष लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शामिल हुए। जेल परिसर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री ने नियमानुसार जेल के रजिस्टर में अपनी हाजिरी दर्ज की और फिर जेल के ऐतिहासिक सुभाष वार्ड पहुंचे। मंचीय कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा के सुपुत्र राजेंद्र दर्डा ने मंत्री प्रहलाद पटेल का शॉल और श्रीफल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने संयुक्त रूप से जेल परिसर में स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा सभा भवन का शिलान्यास किया। बहुमुखी प्रतिभा के धनी और चुंबकीय व्यक्तित्व वाले गांधीवादी नेता स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा ने महात्मा गांधी के आह्वान पर सन 1940 में मात्र 17 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता संग्राम में कदम रखा था। साल 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर इसी जबलपुर केंद्रीय कारागार में रखा गया था जहाँ वे लगभग 19 महीने तक बंद रहे। जेल में रहने के दौरान भी बाबूजी ने युवा कैदियों के भीतर राष्ट्रभक्ति और आजादी की अलख जगाए रखी थी। उनकी इसी गौरवशाली स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए इस सभा भवन का निर्माण कराया जा रहा है। जबलपुर | शहर के अधारताल थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नशे में धुत तीन युवकों ने बीच सड़क जमकर हंगामा किया। शराब के नशे में चूर ये युवक राहगीरों से विवाद कर रहे थे जिसके कारण मौके पर जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक युवती के साथ मारपीट और विवाद की स्थिति भी बनी थी जिससे आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच वहां से गुजर रहीं अधारताल CSP राजेश्वरी कौरव ने जब माहौल देखकर अपनी सरकारी गाड़ी रोकी तो तीनों युवक पुलिस वाहन के पास पहुंचकर उन्हीं से बहस करने लगे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। जबलपुर । सोशल मीडिया पर एक युवक की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद लॉर्डगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी साहिल चौधरी और उसके साथी प्रशांत सेन को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्पा सेंटर कर्मचारी की शिकायत पर अपहरण बेरहमी से मारपीट लूट और अवैध वसूली जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। कोतवाली सीएसपी रितेश शिव के अनुसार पीड़ित सत्येंद्र सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीते 30 जून को आरोपी उसे स्पा सेंटर से जबरन अगवा कर वेलवेट होटल ले गए थे। वहाँ आरोपियों ने पैसों की अवैध मांग करते हुए उसे बेल्ट से बेरहमी से पीटा और उसके पास रखे 95 हजार रुपये भी छीन लिए। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में हड़कंप मच गया था जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जबलपुर । बरेला निवासी गौतम यादव के घर में शादी की खुशियाँ उस वक्त अचानक सन्नाटे में बदल गईं जब उसकी नवविवाहिता दुल्हन रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई। पीड़ित दूल्हे गौतम के मुताबिक बीती 21 तारीख को उसकी बारात गोसलपुर गई थी और 22 तारीख को वह दुल्हन को विदा कराकर अपने घर लाया था। शुरुआत के सारे पारिवारिक और धार्मिक कार्यक्रम बेहद हंसी-खुशी संपन्न हुए।विवाद और हैरानी की स्थिति तब बनी जब दोनों शादी के बाद तस्वीरें खिंचवाने एक फोटो स्टूडियो पहुंचे। वहां दुल्हन ने गौतम से कहा कि वह थोड़ी देर में मेकअप करवाकर आती है और उसे वहीं रुकने को कहा। लेकिन आधा घंटा बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटी। दूल्हे ने ससुराल से लेकर अपने सभी रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर दुल्हन की तलाश की पर उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परेशान पति ने पहले गोसलपुर और फिर बरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है वहीं पीड़ित दूल्हा अपनी पत्नी की आस में थानों के चक्कर काट रहा है।