Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
22-Jun-2026

जबलपुर: स्वर्गीय निशांत सिंह नेगी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर केंट विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री अशोक रोहाणी के मार्गदर्शन और नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकू विज के सहयोग से विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय स्कूल गोपालपुरम में पुष्पांजलि स्वच्छता अभियान और पौधारोपण के साथ हुई जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस स्मृति दिवस को पूरी तरह सेवा और समर्पण को समर्पित करते हुए गौशाला में गायों को पालक खिलाया गया गीता धाम में परिक्रमा वासियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई तथा सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल के पास स्थित स्वाधारगृह में फल वितरित किए गए। इसके साथ ही रेलवे इंस्टीट्यूट स्थित जागृति वेलफेयर सदन में मिसिंग बच्चों और वहां के स्टाफ को भोजन कराया गया जिससे स्व. निशांत नेगी की प्रथम पुण्यतिथि सेवाभाव के साथ संपन्न हुई। जबलपुर: मुहर्रम पर शहर के कछरी दरगाह शरीफ में अकीदतमंदों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए बाबा साहिबान अपनी-अपनी टिपारियां लेकर हजरत सैयद ख्वाजा अमीनउद्दीन चिश्ती बाबा साहब कछरी वाले के आस्ताने पर पहुंचे और पूरी अकीदत के साथ सलामी व हाजिरी पेश की। दरगाह में करीब 200 से अधिक टिपारियों ने हाजिरी दर्ज कराई जहां मुल्क में अमन-चैन भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं और लंगर का भी आयोजन हुआ। वहीं गढ़ा बाजार स्थित सैयद बाबा के दरबार में भी मुहर्रम की रौनक रही जहां 47 टिपारियों ने हाजिरी दी साथ ही घंटाघर स्थित मशीन वाले बाबा का रोजा भी आकर्षक लाइटों से जगमगा उठा। खादिम चंगेज खान अशरफी और खादिम शेख साहब के अनुसार इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए आयोजित इस पूरे कार्यक्रम में कौमी एकता भाईचारे और सर्वधर्म समभाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली। जबलपुर । पूर्व विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती जर्जर व्यवस्था और स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ियों को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक लखन घनघोरिया ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता को एक 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की है। विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रोजाना 4 से 5 घंटे की अघोषित कटौती से आम जनता व्यापारी और छात्र बेहाल हैं वहीं पेयजल आपूर्ति भी ठप हो रही है। ज्ञापन में ओमती और मदार टेकरी क्षेत्र में वर्षों से लंबित दो नए फीडरों के निर्माण घनी आबादी वाले इलाकों में 200 व 315 केवीए के नए ट्रांसफार्मर लगाने और उपकेंद्रों में उच्च क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। इसके साथ ही उन्होंने जर्जर पोल-तारों को बदलने स्टाफ की कमी दूर करने और स्मार्ट मीटरों के कारण आ रहे अनाप-शनाप बिलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। विधायक घनघोरिया ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द ही इन मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया तो वे क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर एक व्यापक जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। जबलपुर । भारत की अग्रणी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी मैट्टर ने मध्य भारत में कदम रखते हुए जबलपुर में अपनी बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक बाइक AERA 5000+ लॉन्च कर दी है। यह पूरी तरह से भारत में निर्मित देश की पहली गियर वाली इलेक्ट्रिक मोटरबाइक है जो 4-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और लाइफटाइम बैटरी वारंटी के साथ आती है। कंपनी ने ग्राहकों को टेस्ट राइड और लाइव डेमो की सुविधा देने के लिए कृषि उपज मंडी रोड पर मध्य प्रदेश का दूसरा एक्सपीरियंस हब भी शुरू किया है। इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 193826 रुपये रखी गई है जिसकी बुकिंग कंपनी की वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। लॉन्चिंग के मौके पर मैटर के संस्थापक कुमार प्रसाद तेलिकेपल्ली और जबलपुर हब के डीलर प्रिंसिपल अमन मित्तल अजय मित्तल व किशोरी लाल अग्रवाल ने कहा कि जबलपुर की मजबूत दोपहिया संस्कृति को देखते हुए यह गियर वाली अनोखी इलेक्ट्रिक तकनीक परफॉर्मेंस एडवांस फीचर्स और पर्यावरण के अनुकूल सफर चाहने वाले राइडर्स को एक बेहद रोमांचक और किफायती अनुभव प्रदान करेगी। जबलपुर । जबलपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बरगी ब्लॉक के हरदुली बरगी नगर मंडलम में पोल खोल हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत राज्य सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला दहन किया गया। क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा जिसमें बरगी नगर व ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की बिक्री पर तुरंत रोक लगाने बरगी से बरगी नगर तक की अधूरी सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और बरगी नगर अस्पताल के बंद पड़े भवन को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की गई। इसके अलावा ज्ञापन में ग्राम हरदुली में फैले भ्रष्टाचार की जांच और हरदुली राजस्व ग्राम में पात्रों को पट्टे वितरण करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस विरोध प्रदर्शन में जिला ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव सहित सैकड़ों कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जबलपुर। जीआरपी थाना जबलपुर ने तत्परता दिखाते हुए रनिंग ट्रेन में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश महज 2 घंटे के भीतर कर दिया है। इटारसी निवासी फरियादी नीलेश मालपानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनकी पत्नी के पर्स से सोने के आभूषण एप्पल एयरपॉड आईफोन चार्जर नकदी और दस्तावेज पार कर दिए हैं जिनकी कुल कीमत 1047000 रुपये थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा एएसपी भावना मरावी व डीएसपी अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में जीआरपी की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों की मदद लेते हुए चोरी गए एप्पल एयरपॉड की लोकेशन ट्रेस की। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने शिवनगर में दबिश देकर शातिर अपराधी रितेश आसवानी उर्फ कालू उर्फ अमित को दबोच लिया जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 20 ग्राम सोने का हार कान के टाप्स सोने की अंगूठियां ब्रेसलेट एयरपॉड चार्जर और नकदी सहित शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं।