टेलीग्राम पर बैन जारी रहेगा हाईकोर्ट में याचिका खारिज दिल्ली हाईकोर्ट ने टेलीग्राम की याचिका को खारिज कर दिया है जिसमें उसने केंद्र सरकार के लगाए गए अस्थायी बैन को चुनौती दी थी। यानी टेलीग्राम पर बैन लगा रहेगा। जस्टिस तेजस कारिया ने सरकार के इस फैसले को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि NEET री-एग्जाम को ध्यान में रखते हुए टेलीग्राम पर 22 जून तक रोक लगी रहेगी। सरकार के पास आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत टेलीग्राम पर बैन लगाने का अधिकार है। केंद्र सरकार ने 16 जून को NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी बैन लगा दिया था। इसके खिलाफ टेलीग्राम ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। गुरुवार को मामले की सुनवाई पूरी हो गई। जस्टिस तेजस कारिया की वेकेशन बेंच ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। कोर्ट में सरकार ने दलील दी कि री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम के दुरुपयोग की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मानसून अटका- 19 राज्य बारिश को तरसे देश में मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश बिहार राजस्थान छत्तीसगढ़ हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून के तहत बारिश हो रही है। 4 जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून 15 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। मानसून पिछले 5 दिन से उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बॉर्डर पर अटका हुआ है। हरियाणा के हिसार में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। यहां कई गाड़ियों पर पेड़ गिरे। वहीं सिरसा में ओले भी गिरे। एमपी के इंदौर-गुना समेत 6 जिलों में आंधी-बारिश हुई। वहीं प्री-मानसून एक्टिव होने के बावजूद यूपी-राजस्थान समेत 7 राज्यों में तापमान 40°C के पार है। गुरुवार को देश में सबसे ज्यादा तापमान यूपी के बांदा में 43.2°C दर्ज किया गया। 18 जून तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र की रही जहां सामान्य से 78% कम बारिश हुई। इसके बाद गुजरात में 79% कम वर्षा दर्ज की गई। मैक्रों ने हिंदी में कहा- भारत-फ्रांस की दोस्ती अमर रहे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हिंदी में वीडियो मैसेज शेयर किया है। उन्होंने कहा- प्रिय मित्र नरेंद्र आपका नीस एवियन और पेरिस के दौरे में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हुई। फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे। इसके बाद मुस्कुराते हुए मैक्रों ने कहा ‘मुझे उम्मीद है यह (हिंदी संदेश) सही होगा। डियर प्राइम मिनिस्टर इस दोस्ती के लिए आपका धन्यवाद। मैं अगली फरवरी (भारत यात्रा) आपसे मिलूंगा।’ वहीं फ्रांस से रवाना होने के बाद मोदी ने X पर लिखा- यह यात्रा सहभागिता और उपलब्धियों दोनों के लिहाज से व्यापक रही। दरअसल पीएम मोदी 6 दिन का फ्रांस और स्लोवाकिया दौरा पूरा करके गुरुवार देर रात भारत के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने G7 समिट भी अटेंड की। यहां पीएम की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात हुई। ट्रम्प ने मोदी की जमकर तारीफ की। अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोले- इजराइल अलग-थलग पड़ा अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ हुए समझौते की आलोचना कर रहे इजराइली नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस डील का विरोध कर रहे हैं उन्हें जमीनी हकीकत को समझना चाहिए। पत्रकारों से बातचीत में वेंस ने कहा कि अगर वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार का हिस्सा होते तो दुनिया में अपने सबसे बड़े और ताकतवर सहयोगी अमेरिका पर इस तरह सवाल नहीं उठाते। वेंस ने कहा इस समय पूरी दुनिया में डोनाल्ड ट्रम्प ही ऐसे नेता हैं जो इजराइल के प्रति सबसे ज्यादा सहानुभूति रखते हैं। उन्होंने इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर और वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच की आलोचना करते हुए कहा कि सिर्फ सैन्य कार्रवाई से हर समस्या का समाधान नहीं निकाला जा सकता। यूक्रेन ने रूस पर सबसे बड़ा ड्रोन अटैक किया यूक्रेन ने गुरुवार को रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक रातभर में करीब 1000 ड्रोन और चार क्रूज मिसाइलों को मार गिराया गया। इनमें करीब 200 ड्रोन राजधानी मॉस्को की तरफ बढ़ रहे थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा हम यह युद्ध नहीं चाहते थे लेकिन अगर यूक्रेन जलेगा तो मॉस्को भी जलेगा। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक हमले में दक्षिणी रोस्तोव क्षेत्र का एक ऑयल डिपो धमाके से तबाह हो गया। यहां मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई। मॉस्को की कपोतन्या ऑयल रिफाइनरी पर भी हमला हुआ। विस्फोट के बाद ऑयल डिपो टैंक का ढक्कन कई मीटर ऊपर उछल गया और आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक पास के एक शॉपिंग सेंटर में भी आग लग गई। ड्रोन का मलबा गिरने से कुछ रिहायशी और व्यावसायिक इमारतों को नुकसान पहुंचा। कई ऊंची इमारतों को खाली कराया गया। हमले के बाद मॉस्को के हवाई अड्डों पर कुछ समय के लिए उड़ानों पर रोक लगाई गई।