शहर में गहराते जल संकट और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में वार्ड स्तर पर सघन आंदोलन और धरना प्रदर्शन अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में इस भीषण गर्मी में पानी की समस्या को विशेष तौर पर उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष और सभी कांग्रेस पार्षदों ने जोन कार्यालय में एकत्रित होकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने निगम प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि जनता की इन बुनियादी और जरूरी समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आगामी दिनों में कांग्रेसी पार्षदों और जनसामान्य के साथ मिलकर नगर निगम मुख्यालय के सामने उग्र आंदोलन और जबरदस्त प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। अहमदाबाद से रांची जा रहे इंडिगो के एक एयरबस 320 विमान की चिकित्सा आपातकाल के कारण जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान विमान में सवार रांची निवासी यात्री सुधीर कुमार की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई। वह फेफड़ों की बीमारी के इलाज के लिए अपनी बहन के साथ अहमदाबाद गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। जब विमान जबलपुर के आसमान के ऊपर था तभी सुधीर को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत डुमना एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित नीचे उतारा।विमान के लैंड होते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर मरीज को जबलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी के मुताबिक मरीज को अस्पताल भेजने के बाद विमान करीब 50 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुका रहा और फिर बाकी यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हो गया। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजन शव लेकर सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री रोजगार मेला के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल द्वारा मदन महल स्थित उत्सव रेलवे सामुदायिक भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मेले में 31 विभिन्न सरकारी विभागों के लिए चयनित 211 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए जिसमें अकेले जबलपुर रेल मंडल के 180 विभिन्न पदों सहायक लोको पायलट जूनियर इंजीनियर तकनीशियन हेल्पर और ट्रेन मैनेजर आदि के युवा शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के रोजगार मेलों से वर्चुअली जुड़कर नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जबलपुर मंडल में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक सांसद आशीष दुबे विधायक अजय विश्नोई तथा रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह व कमल कुमार तलरेजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे और कार्यक्रम में भारी उत्साह का माहौल देखा गया। जबलपुर। लार्डगंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 2 स्कूटी और 5 मोटरसाइकिल समेत कुल 7 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश में गठित टीम द्वारा की गई। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी का नाम मोहम्मद सदाब 22 वर्ष निवासी बाबा टोला हनुमानताल है। आरोपी ने ये सभी वाहन लार्डगंज गढ़ा और शहर के अन्य इलाकों से चुराए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद रंग की एक्टिवा एक्सेस और पांच एचएफ डीलक्स व पैशन जैसी गाड़ियां जब्त की हैं जिनके चेचिस और इंजन नंबरों का मिलान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्रीराम कॉलेज के पास स्थित सुकून होटल में आज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अचानक छापेमारी की। इस दौरान होटल के कमरों से दो युवक जो मुस्लिम समुदाय से हैं एक महिला और एक युवती मिलीं। पकड़े गए युवकों में से एक मेडिकल कॉलेज में बाउंसर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने होटल में संदिग्ध गतिविधि का आरोप लगाते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चारों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस द्वारा सभी से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके दस्तावेजों सहित होटल के रिकॉर्ड व आईडी की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद होटल और थाना परिसर के आसपास काफी देर तक गहमागहमी और तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच और पूछताछ के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।