Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
22-May-2026

कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर 1.93 करोड़ फॉलोअर्स डिजिटल संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के इंस्टाग्राम पर 24 घंटे में फॉलोअर्स दोगुने हो गए हैं। अब ये आंकड़ा 193 करोड़ (19.3 मिलियन) पहुंच गया है। जो देश की किसी भी राजनीतिक पार्टी से ज्यादा हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 90 लाख और कांग्रेस के 134 करोड़ फॉलोअर्स हैं। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश का आरोप भी लगाया है। वहीं कल यानी 21 मई को CJP का X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। संगठन ने कुछ देर बाद नया अकाउंट बनाया। इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया और बायो में लिखा- कॉकरोच डोंट डाय यानी कॉकरोच मरते नहीं। नए अकाउंट से पहला पोस्ट कल दोपहर 2:29 बजे की गई थी। शुक्रवार सुबह 9.30 बजे तक इसके X पर 1.26 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं। CJI सूर्यकांत ने 15 मई को देश के बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहा था। हीटवेव का असर- 35 शहरों में रात का पारा 30°C देश में जारी गर्मी से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं इस बार सबसे बड़ा खतरा ये है कि दिन की हीटवेव के बाद रातें भी गर्म बनी हुई हैं। देश के 35 शहरों में गुरुवार को रात का पारा 30°C से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा 33.7°C तापमान राजस्थान के हनुमानगढ़ में रहा। देश का आधा से ज्यादा हिस्सा गर्मी से तप रहा है। उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश दिल्ली राजस्थान सहित 10 राज्यों के 24 शहरों में गुरुवार को पारा 45°C के ज्यादा रहा। UP का बांदा 47.6°C के साथ लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 47°C तापमान रहा। UP में अगले 3 दिन हीटवेव का रेड अलर्ट है। बिहार के पटना और गयाजी में गर्मी के कारण 22 से 26 मई तक 5वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं। वहीं राज्य के मधेपुरा और सहरसा में गुरुवार को बारिश हुई इस दौरान बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। नीट का पेपर 5 राज्यों में बिका सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि नीट का पेपर 5 राज्यों में बिका था। सबसे ज्यादा बिक्री महाराष्ट्र में हुई और दूसरा नंबर राजस्थान का है। एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि अब तक गिरफ्तार हुए आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल गैजेट्स खंगालने के बाद यह जानकारी सामने आई है। सीबीआई का कहना है कि आगे और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पेपर लीक का मामला और बड़ा निकल सकता है। इसी कारण एजेंसी अभी यह तय नहीं कर पा रही कि कितने छात्रों ने पेपर खरीदा था। जांच में सामने आया है कि कुछ परिजन ने पेपर को आगे दूसरे लोगों तक बेच दिया था। सीबीआई को महाराष्ट्र और राजस्थान में पेपर के प्रिंट निकालकर बेचने के सबूत मिले हैं। इसी वजह से अभी यह पता लगाना मुश्किल है कि पेपर कितने लोगों तक पहुंचा। जांच में अब तक सामने आया है कि पेपर लीक का सबसे बड़ा केंद्र महाराष्ट्र था। यहीं से राजस्थान और दूसरे राज्यों के छात्रों तक ‘क्वेश्चन बैंक’ पहुंचा। होर्मुज में जहाजों से फीस वसूलने की तैयारी में ईरान ईरान और ओमान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर फीस वसूली के सिस्टम को लेकर बातचीत कर रहे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की नई बनाई गई पर्सियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) ने कहा कि उसने होर्मुज स्ट्रेट के ‘मैनेजमेंट सुपरविजन एरिया’ की सीमा तय कर दी है। अथॉरिटी के मुताबिक यहां से गुजरने के लिए परमिट जरूरी होगा। फरवरी में अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल ट्रैफिक लगभग रोक दिया था। इससे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग प्रभावित हुई और ऊर्जा कीमतों में तेजी आई। इसके बाद ईरानी अधिकारियों ने इस जलमार्ग से राजस्व जुटाने के विकल्पों पर चर्चा शुरू की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और यहां किसी तरह का टोल नहीं होना चाहिए। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इसका विरोध किया। सेंट्रल अमेरिकी देश होंडुरास में गोलीबारी 25 की मौत होंडुरास में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग हमलों में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। इनमें 19 मजदूर और 6 पुलिसकर्मी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक दोनों हमलों में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। पहला हमला उत्तरी होंडुरास के त्रूजिलो शहर में एक प्लांटेशन पर हुआ। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के प्रवक्ता यूरी मोरा ने बताया कि हमले में 19 मजदूर मारे गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह इलाका लंबे समय से जमीन विवाद और कृषि संघर्षों का केंद्र रहा है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं पर हमलों को लेकर भी यह क्षेत्र पहले चर्चा में रहा है। दूसरा हमला ग्वाटेमाला सीमा के पास ओमोआ शहर में हुआ जहां बंदूकधारियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें 6 पुलिसकर्मी मारे गए जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक अधिकारी एंटी-गैंग मिशन पर तैनात थे और राजधानी तेगुसिगाल्पा से ओमोआ जा रहे थे। होंडुरास के सुरक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों हमलों की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और अभियोजकों की टीम भेजी गई है। सरकार ने प्रभावित इलाकों में सुरक्षा अभियान तेज करने की बात कही है।