पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर उछाल चार दिन में करीब 90 पैसे महंगा हुआ ईंधन दवा दुकानें बंद ऑनलाईन दवा बिक्री का दुकानदारों ने किया विरोध बहुजन मुक्ति पार्टी के दूसरे चरण का आंदोलन मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन जिले में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को एक बार फिर ईंधन के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिले में अब पेट्रोल 112.21 रुपए और डीजल 97.42 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। पिछले चार दिनों में दूसरी बार कीमतें बढ़ी हैं और कुल मिलाकर करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। पहले पेट्रोल 108.03 रुपए और डीजल 93.43 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था। ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ने की आशंका है जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। आम उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घरेलू बजट बिगड़ रहा है और राहत की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही। बुधवार को ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों की मनमानी और भारी डिस्काउंट नीति के विरोध में दवा कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के देशव्यापी आव्हान पर बालाघाट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में जिलेभर के मेडिकल स्टोर बंद रहे। दवा व्यवसायी कालीपुतली चौक स्थित आस्था मेडिकल के सामने एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन किया। कारोबारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां नियमों की अनदेखी कर बाजार को प्रभावित कर रही हैं जिससे छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार श्री वर्मा को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। बंद के बावजूद मरीजों की सुविधा को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं जारी रखी गईं। जिले की परसवाड़ा जनपद पंचायत में पदस्थ उपयंत्री ज्ञानप्रकाश सुलाखे पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंचों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्यों के मूल्यांकन और भुगतान के एवज में 5 से 15 प्रतिशत तक कमीशन मांगा जा रहा है। आरोप है कि कमीशन नहीं देने पर फाइलें रोकी जाती हैं कार्यों का कम मूल्यांकन किया जाता है और अभद्र व्यवहार किया जाता है। मामले को लेकर सरपंच संघ ने जनपद पंचायत पहुंचकर सीईओ धन्नाराम उइके को ज्ञापन सौंपा। सरपंचों ने उपयंत्री को तत्काल हटाने और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत स्तर पर विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। वहीं सीईओ धन्नाराम उइके ने शिकायत जांच के लिए जिला पंचायत सीईओ को भेजने की बात कही है। जिले में बुधवार को बहुजन मुक्ति पार्टी ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट के पास चूल्हा जलाकर घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ नाराजगी जताई। यह आंदोलन पार्टी के राष्ट्रव्यापी तीन चरणीय अभियान के दूसरे चरण का हिस्सा बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का बजट बिगड़ गया है। बाद में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गैस सिलेंडर के दाम कम करने सहित जनहित से जुड़ी मांगों पर कार्रवाई की मांग की। जिले के लामता थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भालेवाड़ा के डोंगरबोड़ी निवासी आधार सिंह परते (52) अपने कुछ साथियों के साथ रात में जंगल में मधुमक्खी का रस निकालने गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। बचने की कोशिश में वह पेड़ से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने उन्हें जंगल से बाहर निकालकर घर लाने का प्रयास किया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। लामता पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘कार्यकर्ता सर्वोपरि’ भावना के तहत 50 बिस्तरों वाले अस्पताल निर्माण कार्य का दोबारा भूमिपूजन किया। गौरतलब है कि इस परियोजना का आधिकारिक भूमिपूजन 15 मई को सांसद भारती पारधी विधायक अनुभा मुंजारे और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हो चुका था। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता रेस्ट हाउस से रैली निकालकर अस्पताल परिसर पहुंचे और “संगठन के सम्मान में कार्यकर्ता मैदान में” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम में कोई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं रहा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 15 मई के सरकारी कार्यक्रम में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हुई और उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला जिसके विरोध में यह आयोजन किया गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गोविंद पैलेस लॉन में 15 मई की रात कमरे में रखे सूटकेस से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। मामले में फरियादी गुनेन्द्र कुमार बिसेन की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान की। इसके बाद देवी चौक निवासी त्रिलोकचंद उर्फ सौरभ गजभिये को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।