Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
16-May-2026

बंगाल के आसनसोल में पुलिस चौकी में तोड़फोड़-पथराव पश्चिम बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद शुक्रवार रात को तनाव फैल गया। रेलपार इलाके में भीड़ ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस प्रशासन ने राज्य सरकार के निर्देश पर आसनसोल के कई हिस्सों में लाउडस्पीकर की आवाज कम रखने को कहा था। इसी सिलसिले में दिन में रेलपार इलाके में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत हुई थी। शाम को बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। भीड़ ने चौकी पर पथराव किया। पुलिस और आम लोगों के वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट आई है। ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शुक्रवार को FIR दर्ज की गई है। उनके खिलाफ बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरा बयान देने का आरोप है। केस उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार ने 5 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। चुनाव नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद यह शिकायत बागुईआटी पुलिस स्टेशन में दी गई थी। इसमें 27 अप्रैल से 3 मई के बीच अभिषेक के कई चुनावी भाषणों का जिक्र किया गया है। इनके वीडियो लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं। पुलिस ने 15 मई को दोपहर 2:45 बजे बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की। मानसून जल्दी आएगा लेकिन सुपर-अलनीनो इसे कमजोर कर सकता है मौसम विभाग के मुताबिक मानसून तय समय से 4 दिन पहले 26 मई को केरलम पहुंच सकता है। हालांकि अमेरिकी मौसम एजेंसी ‘नेशनल ओशेनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन’ (नोआ) के अनुसार इस साल सुपर अल नीनो का आना लगभग तय हो गया है। इससे कमजोर मानसून सूखे और हीटवेव की आशंका ज्यादा हो गई है। अल नीनो एक जलवायु घटना है जो प्रशांत महासागर में पानी गर्म होने पर होती है। इससे मानसूनी हवाएं दिशा बदल देती हैं। इसके असर से भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया में बारिश कम होगी और भीषण गर्मी पड़ेगी। भारत में सामान्य रूप से मानसून की एंट्री 1 जून को केरलम से होती है। इस बार यह अन्य प्रदेशों में भी जल्द पहुंचेगा। राजस्थान में इसके 20 जून मध्य प्रदेश में 12 जून उत्तर प्रदेश में 18 जून और बिहार में 8-10 जून के बीच पहुंचने की संभावना है।गर्मी की बात करें तो राजस्थान मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश झारखंड और विदर्भ में आज हीटवेव का अलर्ट है। इन राज्यों के कई जिलों में तापमान 46°C-47°C के बीच पहुंच सकता है। मध्य प्रदेश-विदर्भ में आज रात में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। ट्रम्प ईरान जंग के सवाल पर भड़के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पत्रकार पर नाराजगी जताई। ट्रम्प ने रिपोर्टर को झूठा बताया और उसकी रिपोर्टिंग को देशद्रोह जैसा करार दिया। ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान में पूरी तरह सैन्य जीत हासिल की है और यह बात सभी मानते हैं। उन्होंने कहा सिर्फ आप जैसे लोग ही सच नहीं लिखते। इसके बाद ट्रम्प ने पत्रकार पर तंज करते हुए कहा मुझे लगता है कि जिस तरह आप लिखते हैं वह देशद्रोह जैसा है। आपके एडिटर आपको जो लिखने को कहते हैं आप वही लिखते हैं। आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए। दरअसल द न्यूयॉर्क टाइम्स के रिपोर्टर डेविड सेंगर ने पूछा था कि अगर अमेरिका ने ईरान के खिलाफ पूरी सैन्य जीत हासिल कर ली है तो फिर अमेरिका ने अपने पॉलिटिकल टारगेट क्यों अचीव नहीं किए और हमला अभी भी क्यों जारी है। मोदी 9 साल बाद नीदरलैंड पहुंचे पीएम मोदी 9 साल बाद नीदरलैंड दौरे पर पहुंचे हैं। यह दौरा भारत और नीदरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत बनाने के लिहाज से काफी अहम है। इस यात्रा में व्यापार टेक्नोलॉजी सेमीकंडक्टर वाटर मैनेजमेंट ग्रीन एनर्जी और रक्षा सहयोग जैसे कई बड़े मुद्दों पर बातचीत होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ से होगी। दोनों नेता कई अहम समझौतों पर चर्चा करेंगे। इस दौरे का सबसे बड़ा फोकस सेमीकंडक्टर और हाई-टेक इंडस्ट्री को माना जा रहा है। भारत इस समय अपनी चिप मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहा है। इसी वजह से भारत की नजर डच टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ साझेदारी पर है। नीदरलैंड की कंपनी ASML दुनिया की सबसे बड़ी चिप मशीन बनाने वाली कंपनियों में गिनी जाती है। भारत चाहता है कि आने वाले समय में चिप निर्माण और तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच साझेदारी मजबूत हो।