Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
15-May-2026

राजधानी रायपुर में प्रस्तावित “रेड रूम टेक्नो पार्टी” विवादों में आ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल प्रचार सामग्री में कथित रूप से नाबालिग लड़कियों के इस्तेमाल और आपत्तिजनक प्रस्तुति के आरोप सामने आए हैं जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। मामला संज्ञान में आते ही रायपुर पुलिस ने जांच शुरू की और आयोजन स्थल पर कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम को रद्द करा दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आयोजकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। रायपुर में रेव पार्टियों के बढ़ते ट्रेंड को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला अब केवल रेव पार्टी तक सीमित नहीं है पहले न्यूड पार्टी के लिए भी फार्महाउस में आमंत्रण जारी किए गए थे। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है और यह कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता का दावा करते हुए लोगों से घबराने की अपील न करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई जगह पेट्रोल की कमी है और लोग लंबी कतारों में खड़े हैं जबकि सरकार स्थिति को सामान्य बता रही है। बैज ने केंद्र सरकार पर भी कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर जनता पर बोझ डालने का आरोप लगाया। राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर (IGKV) का 11वां दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपाधि और मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बलरामपुर जिले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआरपीएफ के एक आरक्षक को कूटरचित निवास प्रमाण पत्र के जरिए नौकरी पाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से दस्तावेजों में हेरफेर कर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कराया और उसी के आधार पर भर्ती हासिल की। मामले में पुलिस ने BNS और IT एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। कांकेर जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब साढ़े 6 लाख रुपये के नकली नोट बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के नकली नोट बड़ी संख्या में मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट छापता था। आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसे कमाने के लिए उसने यह अवैध तरीका अपनाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और यह जांच कर रही है कि वह अकेले इस काम को अंजाम दे रहा था या उसके साथ कोई अन्य लोग भी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।