गोहलपुर थाना अंतर्गत समता कॉलोनी में बीती रात खूनी तांडव देखने को मिला जहाँ पुरानी रंजिश के चलते तीन बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने भावेश वीरानी नामक युवक को बीच सड़क पर घेरा और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सरेराह हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है । वारदात को अंजाम देकर आरोपी अरुण आयुष और शिव चौधरी मौके से फरार हो गए हैं। गोहलपुर टीआई रितेश पांडे के मुताबिक पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में घेराबंदी कर रही हैं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों हत्यारों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पाटन क्षेत्र में बेलगाम होती चोरियों ने अब महासंग्राम का रूप ले लिया है। पुलिस की नाकामी और क्षेत्र में बढ़ती असुरक्षा से गुस्साई जनता का सब्र टूट गया। सैकड़ों ग्रामीणों और व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर चक्काजाम कर दिया और थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सीधा आरोप लगाया कि पुलिस और चोरों के बीच गहरी सांठगांठ है जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि घरों और दुकानों में लगातार चोरियां हो रही हैं लेकिन पुलिस केवल आश्वासन का झुनझुना थमा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस इन चोरियों का खुलासा नहीं करती और अपराधियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजती उनका आंदोलन थमेगा नहीं। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सिवनी जिले के धनौरा विकासखंड शिक्षा कार्यालय में बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।लोकायुक्त के अनुसार शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार सिरसाम की 14 माह की निलंबन अवधि का लगभग 1लाख 65 हजार रुपये का भत्ता बकाया था। इस राशि के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के बदले बाबू अरुण कुमार कुमरे ने 32 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी बाबू ने तयशुदा राशि की पहली किस्त 10 हजार रुपये ली टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जबलपुर विकास प्राधिकरण में गुरुवार को नई टीम की आधिकारिक शुरुआत हो गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता संदीप जैन ने अध्यक्ष और प्रशांत केशरवानी ने उपाध्यक्ष के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। सिविक सेंटर स्थित वंदे मातरम चौक पर आयोजित इस गरिमामय समारोह में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। संतों के सान्निध्य और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच दोनों पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।पदभार संभालने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य जबलपुर का सुनियोजित विकास और शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती देना होगा। वहीं उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी ने भी विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहर के विस्तार और आगामी योजनाओं को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।