Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
13-May-2026

नगर निगम में कार्यरत सफाई मित्रों और विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मियों के कथित शोषण के विरोध में कांग्रेस ने शहर में विशाल मशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ठेका नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया। पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने आरोप लगाया कि शासकीय नियमों और अनुबंध की शर्तों को ताक पर रखकर कर्मचारियों का हक मारा जा रहा है। विरोध प्रदर्शन का असर यह हुआ कि निगम प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए सफाई और आउटसोर्स कर्मियों के लिए 6 लाख 11 हजार रुपये का चेक जारी किया। साथ ही निगमायुक्त ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में सभी कर्मियों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। इस आंदोलन में कांग्रेस युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शोषण बंद नहीं हुआ और नियमों का पालन नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और भी उग्र होगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आदिवासी किसानों की जमीन पर अवैध कब्जे और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम फुटली महगवां में वर्षों से रह रहे आदिवासी परिवारों ने भू-माफियाओं पर जमीन हड़पने और फर्जी रजिस्ट्री कराने के आरोप लगाए हैं। आदिवासी कांग्रेस ग्रामीण के नेतृत्व में इस संबंध में महामहिम राज्यपाल और अनुसूचित जनजाति आयोग को शिकायत भेजी गई है। ​आरोप है कि भू-माफिया उन किसानों को धमका रहे हैं जो पिछले 40-50 वर्षों से वहां खेती कर जीवनयापन कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार किसानों से लाखों रुपये ऐंठने के बावजूद जमीन उनके नाम नहीं की जा रही बल्कि अब उन्हें घर खाली करने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। आदिवासी कांग्रेस ने कलेक्टर जबलपुर से भी मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कैंट क्षेत्र स्थित शाहनाला कब्रिस्तान में शवयात्रा ले जाने के लिए प्रशासन द्वारा लागू की गई पूर्व अनुमति की नई व्यवस्था पर मुस्लिम समाज ने गहरा रोष व्यक्त किया है। शाहनाला कब्रिस्तान संरक्षण समिति ने सेना और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर इस आदेश को मानवीय आधार पर अव्यावहारिक बताया है। समिति का कहना है कि अब शवयात्रा निकालने से पहले स्टेशन सेल और कैंट पुलिस से परमिशन लेना अनिवार्य कर दिया गया है जो बेहद चुनौतीपूर्ण है।पदाधिकारियों के अनुसार मृत्यु जैसी दुखद घड़ी में कार्यालयों के चक्कर काटना और अनुमति का इंतजार करना परिजनों के लिए मानसिक प्रताड़ना जैसा है खासकर रात के समय या अवकाश के दिनों में यह प्रक्रिया बड़ी बाधा बन रही है। समाज ने मांग की है कि सेना द्वारा पहले की तरह ही शवयात्राओं को विशेष छूट दी जाए ताकि अंतिम संस्कार की धार्मिक प्रक्रियाओं में कोई व्यवधान न आए। प्रशासन से इस संवेदनशील मामले में नियमों को सरल बनाने की अपील की गई है। गोरखपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक पड़ोसी ने पुरानी रंजिश का बदला डेढ़ साल के मासूम से लिया। गुलाब सिंह वार्ड निवासी रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी राजेंद्र गुप्ता ने उनके डेढ़ वर्षीय पुत्र रिशांक को अपने घर ले जाकर उसके हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में बच्चे की हाथ की नस तक कट गई और अत्यधिक खून बहने लगा। परिजनों के अनुसार आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पिछले दो वर्षों से सब्जी का ठेला लगाने को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि आरोपी ने पहले भी परिवार को जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी के रसूख और धमकियों के आगे न झुकते हुए मासूम पर हुए इस जानलेवा हमले के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है जबकि इस क्रूरता से पूरे इलाके में रोष व्याप्त है। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से लदे एक हाईवा को जब्त किया है। 12 मई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्गानगर के पास घेराबंदी की। इस दौरान हाईवा को रुकवाने का प्रयास किया गया लेकिन चालक ने वाहन को विसर्जन कुंड की ओर भगाने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और ट्रक को रोक लिया।पूछताछ में हाईवा चालक राकेश ठाकुर (38 वर्ष) निवासी पनागर ने बताया कि वह वाहन मालिक के कहने पर बेलखाडू से अवैध रेत लेकर जा रहा था। वाहन में लोड रेत के संबंध में चालक कोई भी वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पेश नहीं कर सका। पुलिस ने रेत सहित हाईवा को जब्त कर चालक और मालिक के विरुद्ध बीएनएस और खान एवं खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। रांझी थाना क्षेत्र के बाबू नगर खेरमाई मंदिर से लगे जंगल में बुधवार सुबह एक युवक की लाश मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार युवक की मौत करीब 10-12 घंटे पहले हुई होगी जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक की पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह इलाका अवैध शराब निर्माण के लिए कुख्यात है और खमरिया व रांझी थाना सीमाओं से सटा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाने और मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण न होने पर मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संघ ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संघ ने अधिष्ठाता को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि 10 अप्रैल को दिए गए ज्ञापन के बावजूद अब तक मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में अधीक्षक कार्यालय के कर्मियों की शेष सी.पी.एफ. राशि को एन.पी.एस. खाते में समायोजित करना कर्मचारियों के बैंक खातों को सैलरी अकाउंट पैकेज में बदलना और सर्विस बुक का सत्यापन शामिल है। संघ ने मरीजों के हित में कैंसर अस्पताल में 24 घंटे रेडियोथैरेपी की सुविधा सुनिश्चित करने और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रात्रिकालीन सेवाओं में भी लगाने की मांग उठाई है। अपनी मांगों के समर्थन में संघ द्वारा 13 और 14 मई को एक घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया जा रहा है। यदि समाधान नहीं निकला तो कर्मचारी 18 मई को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और 19 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि इस आंदोलन से होने वाली किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी तरह मेडिकल कॉलेज प्रशासन की होगी। क्राइम ब्रांच और गढ़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों के दौरान सट्टा खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में प्रेमनगर स्थित एक मकान से जयप्रकाश यादव 51 वर्ष और अमित कुशवाहा 35 वर्ष को दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप 11 मोबाइल फोन पेन ड्राइव कैलकुलेटर सट्टा पर्चियां डायरियां और 6200 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे घमापुर निवासी बल्ली गुप्ता के लिए 15 हजार रुपये महीने की पगार पर सट्टा लिखने का काम करते थे। मुख्य सरगना बल्ली गुप्ता फिलहाल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस सफलता में गढ़ा थाना प्रभारी और क्राइम ब्रांच की टीम की विशेष भूमिका रही। राजस्थान के झालावाड़ निवासी लोकेश सिंह 25 वर्ष की जबलपुर में हुई संदिग्ध आत्महत्या के मामले में दो महीने बाद एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। 3 मार्च को लोकेश का शव ग्राम सूखा के पास नहर किनारे एक पेड़ से लटका मिला था। उस समय पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया था लेकिन अब युवक का एक सुसाइड वीडियो सामने आया है जिसने घटना को नया मोड़ दे दिया है।वीडियो में लोकेश ने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि लोकेश पिछले डेढ़ साल से जबलपुर में रहकर कुर्सी बेचने का काम करता था। मौत से ठीक पहले रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो के वायरल होने के बाद मृतक के पिता तूफान सिंह ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। नुनसर पुलिस चौकी ने वीडियो को साक्ष्य के तौर पर शामिल कर मामले की जांच फिर से शुरू कर दी है। अब पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।