Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
13-May-2026

सरगुजा जिले के जनपद पंचायत लखनपुर अंतर्गत सकरिया पंचायत के आश्रित ग्राम बैंदो खोरा कापु टिकरा में विकास की बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। लूँड्रा विधानसभा क्षेत्र के इस गांव में करीब डेढ़ सौ आदिवासी परिवार रहते हैं जो आज भी सड़क पुल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव तक पक्की सड़क नहीं होने से आवागमन बेहद कठिन है। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है जब लोगों को नदी पार कर इलाज और जरूरी कामों के लिए बाहर जाना पड़ता है। पुल की कमी के कारण ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है जिससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को होती है। आंगनबाड़ी केंद्र न होने से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय वादे तो किए जाते हैं लेकिन बाद में गांव की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क पुल और आंगनबाड़ी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। राजधानी रायपुर में नकली और अमानक दवाइयों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने रायपुर संभागायुक्त को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में गुढ़ियारी स्थित हमर अस्पताल और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) के वेयरहाउस में एक्सपायरी और निकट-एक्सपायरी दवाइयों के कथित भंडारण और वितरण का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इन केंद्रों में बड़ी मात्रा में ऐसी दवाइयां रखी गईं जिनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी या समाप्ति के करीब थी। इसे स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही के साथ-साथ भ्रष्टाचार और अनियमितता से भी जोड़ा जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इनमें नवजात शिशुओं बच्चों और गंभीर मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हो सकती हैं जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों सप्लायर कंपनियों और संबंधित एजेंसियों पर आपराधिक कार्रवाई की मांग की है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध जैसे हालात का असर वैश्विक स्तर पर देखा जा रहा है जिसका प्रभाव भारत पर भी पड़ रहा है। इसी बीच देश के प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने और संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। इसी भावना का पालन करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने अपने काफिले में वाहनों की संख्या में कटौती करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय व्यक्तिगत सुविधाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे संसाधनों के संयमित उपयोग में सरकार के प्रयासों का सहयोग करें। गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत बेहराडीह पंचायत के बोइरगांव में रहने वाले कमार जनजाति परिवार को गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां धनेश नेताम के तीन वर्षीय पुत्र को जन्म से ही एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन (बिना मलद्वार के जन्म) की बीमारी है। परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे जहां प्राथमिक उपचार के तौर पर पेट से पाइप लगाकर छोड़ दिया गया लेकिन आगे उचित इलाज नहीं मिल सका। परिवार का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से बच्चा इसी अवस्था में जीवन जी रहा है और लगातार इलाज की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य सरकार से बच्चे के समुचित उपचार के लिए मदद की गुहार लगाई है। बीजेपी कार्यसमिति की बैठक को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने ढाई साल में कोई ठोस काम नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही है और मुख्यमंत्री व मंत्री जनता को जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं। दीपक बैज ने यह भी कहा कि जनता के बीच जाने के लिए बीजेपी नेताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और “झूठ बोलने की ट्रेनिंग” दी जा रही है। वहीं इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी सालभर सक्रिय रहने वाली पार्टी है और इसके काम का परिणाम विभिन्न राज्यों के चुनावों में देखा जा चुका है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस “पेपर टाइगर” है और केवल बयानबाजी करती है जबकि बीजेपी काम के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करती है।