हिंदू समाज के विरोध के बाद सरपंच अनीस खान पर मामला दर्ज टेकाड़ी के ग्रामीणों ने पट्टे के लिए कलेक्टर से लगाई गुहार निस्वार्थ सेवा की मिसाल बनीं नर्सें अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर हुआ सम्मान वारासिवनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पांढरवानी के सरपंच और विधायक प्रतिनिधि अनीस खान पर युवती के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी और हिंदू समाज के खिलाफ अभद्र बयान देने का आरोप लगा है। घटना के विरोध में सर्व हिंदू समाज संगठन ने मंगलवार को पवार मंगल भवन में बैठक आयोजित की जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग रैली निकालते हुए थाना पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अनीस खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला 10 मई को ग्राम पंढरापानी रानीकुठार में आयोजित एक विवाह समारोह का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता विनोद ठाकरे के अनुसार अनीस खान ने समारोह के दौरान विवादित टिप्पणियां कीं। थाने में बढ़ते तनाव के बीच एसडीओपी अभिषेक चौधरी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने अनीस खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिले की ग्राम पंचायत टेकाड़ी अंतर्गत पीपरटोला एवं गांगुलपारा क्षेत्र के ग्रामीणों ने पट्टे प्रदान करने सहित अपनी विभिन्न समस्याओं का निराकरण करने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि करीब ५० परिवार कई पीढिय़ों से निवास कर रहे हैं लेकिन आज तक उनके मकानों के पट्टे नहीं बनाए गए है। कई बार पट्टे दिलाने की मांग को लेकर आवेदन निवेदन किया गया है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पण्डार झरना क्षेत्र में पर्यटकों से वन विभाग द्वारा शुल्क वसूला जा रहा है। लेकिन क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया जा रहा है। पर्यटकों को भी सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि शीघ्र मकान का पट्टा दिया जाए व पण्डार झरना में पर्यटकों से वसूले जा रहे शुल्क से विकास कार्य कराए जाए। हट्टा थाना क्षेत्र के केशलेवाड़ा गांव में एक सूखे कुएं में मृत गाय फेंके जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। घटना के बाद तीन दिन तक कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने 181 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मामला कायम किया। इसके पूर्व जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें ग्रामीणों के आक्रोश का सामना भी करना पड़ा। इस दौरान ग्रमीणों से कहासुनी भी हुई।जानकारी के अनुसार यह घटना करीब तीन दिन पहले की है जब गांव से दूर एक खेत में बने सूखे कुएं में मृत गाय को फेंक दिया गया। खेत मालिक पंकज बिसेन को कुएं से आ रही तेज बदबू के बाद मामले की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि मोहनलाल पटले की मृत गाय को उनके बेटे नवीन द्वारा ट्रैक्टर से लाकर कुएं में डाल दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि हट्टा पुलिस को सूचना देने के बावजूद प्रारंभ में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और मामले को टालने का प्रयास किया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। द लेडी विद द लैंप के नाम से प्रसिद्ध फ्लोरेंस की जयंती पर 12 मई को जिला अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया। इस दौरान नर्सों की निस्वार्थ सेवा समर्पण और कठिन परिस्थितियों में निभाई जा रही जिम्मेदारियों को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप और सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन की उपस्थिति में नर्सिंग स्टाफ के योगदान को सराहा गया। सिविल सर्जन डॉ. जैन ने बताया कि 400 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल में 175 नियमित 26 एनआरएचएम और 5 पुरुष नर्सिंग स्टाफ कार्यरत हैं। नर्स अनुपमा सरभांग ने बताया कि नर्सें कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही हैं। कार्य के दौरान कई बार मरीजों के परिजनों की नाराजगी का सामना करना पड़ता है जबकि नर्सों का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के हर मरीज को बेहतर उपचार देना होता है। खैरलांजी विकासखंड के अध्यापक शिक्षकों ने वर्षों से लंबित एरियर और वेतनमान भुगतान की समस्या को लेकर कलेक्टर एवं जनसुनवाई में आवेदन सौंपते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है। शिक्षकों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि वर्ष 2012 में उन्हें क्रमोन्नति का लाभ दिया गया था लेकिन आज दिनांक तक उसका एरियर भुगतान नहीं किया गया है। लगातार देरी के कारण शिक्षक आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। शिक्षकों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने पर हर बार अगले महीने भुगतान का आश्वासन दिया जाता है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। इससे खैरलांजी विकासखंड के सभी संकुलों के शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। लांजी क्षेत्र के ग्राम कालीमाटी के रहवासियों ने पेयजल की समस्या का निराकरण किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के दिनों में रहवासियों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत कालीमाटी के वार्ड क्रमांक २-३ में इन दिनों पेयजल संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि हमें नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा। इस भीषण गर्मी में काफी दूरी से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले वालों के द्वारा स्वयं पैसे एकत्रित कर हैंडपंप में समरसिबल पंप डलवाया था। जिससे पानी की समस्या हल हो गई थी। लेकिन वार्ड के ही एक परिवार द्वारा इस व्यवस्था पर आपत्ति लेते हुए शिकायत कर विवाद खड़ा कर दिया। शिकायतकर्ता महिला के ही पुत्र होलीराम डोंगरे ने हैंडपंप में लगी मोटर में आग लगा दी जिससे मोटर जल गई और पानी की व्यवस्था दोबारा ठप्प हो गई। पेयजल की समस्या से रहवासी काफी परेशान है और उन्होंने कलेक्टर से इस समस्या का शीघ्र निराकरण किए जाने गुहार लगाई है।