SC-ST एक्ट के 5423 केस 5 साल से ज्यादा पुराने मध्य प्रदेश में एससी-एसटी एक्ट के 5423 मुकदमे 5 साल से अधिक समय से लंबित हैं। प्रदेश की विभिन्न अदालतों में चल रहे इन मामलों में सबसे ज्यादा केस जबलपुर में हैं। यहां 909 प्रकरण लंबित हैं। जबकि सागर 842 केस के साथ दूसरे नंबर पर है। सबसे कम संख्या नर्मदापुरम खंडवा और हरदा की है। यहां सिर्फ एक-एक केस 5 साल से ज्यादा समय से लंबित है। पुराने मामलों की बढ़ती पेंडेंसी के चलते अब इन्हें जल्द सुलझाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार जुट गई है। हाल ही में लोक अभियोजन संचालनालय भोपाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। मकान बनाने-बिजली कनेक्शन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा मध्य प्रदेश में घर बनाने के लिए अब लोगों को कागजी उलझनों में नहीं फंसना पड़ेगा। सरकार ऐसा सिस्टम ला रही है जहां एक आवेदन पर नगर निगम से लेकर बिजली कंपनी तक की मंजूरियां मिल जाएंगी। सरकार सिंगल एजेंसी क्लियरेंस सिस्टम लागू करने जा रही है। इसके जरिए मकान की परमिशन बिजली कनेक्शन और गुमास्ता लाइसेंस लेना आसान होगा। यह पहल ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत की जा रही है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इसका खाका तैयार कर लिया है। देश में पहली बार सांकेतिक भाषा मध्यस्थता से मिला न्याय मूक-बधिर दंपती से जुड़े विवादों में सुलह और न्याय दिलाने के उद्देश्य से साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट्स की मदद से इंसाफ मिलने का एक अनुकरणीय केस हुआ है। देश में यह मामला देश का पहला ऐसा मामला है जिसमें मूक-बधिर दंपती का ऑनलाइन समझौता हुआ है। खास बात यह कि इसमें इंदौर के साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट ज्ञानेंद्र पुरोहित और अतुल राठौर ने उनकी समस्या जानी। फिर मेडिएशन रिपोर्ट शाजापुर कोर्ट में पेश की। कोर्ट ने इसे मजबूत आधार माना। दरअसल दंपती के परिवार के लोग उन्हें प्रपॉर्टी के मामले में उनका हक नहीं दे रहे थे। मीडिएशन के बाद वे तैयार हो गए और दंपती को इंसाफ मिल गया। इसके लिए साइन लैंग्वेज एक्सपर्टस ने उनकी दो बार ऑन लाइन मीडिएशन से सुनवाई की। इसमें दंपती के अलावा उनके परिवार (ससुराल पक्ष) के लोग भी शामिल हुए। उन्हें बताया कि दंपती भले ही मूक-बधिर हैं लेकिन परिवार उन्हें कानूनन संपत्ति के हक वंचित नहीं कर सकता। वे भी संपत्ति के हकदार हैं। मुस्लिम युवक के मुंह पर गोबर-स्याही पोती भोपाल में रविवार शाम को एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक होटल में ठहरे युवक और युवती को पकड़ लिया। मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई। कार्यकर्ताओं ने उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया। अर्धनग्न कर पीटा और गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक मामला गौतम नगर इलाके स्थित प्राइड होटल का है। हंगामे के बीच युवती ने पुलिस से किसी तरह की जबरदस्ती दुराचार या गलत व्यवहार से इनकार किया। उसने कहा कि वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। MP के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट मध्य प्रदेश में दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से सोमवार को भी आंधी-बारिश का दौर रहेगा। मंडला सिवनी समेत 8 जिलों में अलर्ट है। दूसरी ओर भोपाल इंदौर और उज्जैन संभाग में तेज गर्मी पड़ेगी। रविवार को रतलाम में पारा रिकॉर्ड 45.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। IMD भोपाल के अनुसार सोमवार को बैतूल छिंदवाड़ा पांढुर्णा सिवनी बालाघाट मंडला डिंडौरी और अनूपपुर में 30 से 40Km प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी और बारिश का अनुमान है। इसकी वजह टर्फ और चक्रवात का एक्टिव होना है। रविवार को तीन सिस्टम एक्टिव रहे। इससे इंदौर भोपाल नर्मदापुरम सागर जबलपुर और शहडोल संभाग के 18 जिलों में मौसम बदला रहा। कहीं बादल छाए तो कहीं बूंदाबांदी हुई।