अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव का संस्कारधानी में हुआ भव्य स्वागत तिलवारा के सिवनी टोला में शराब दुकान का विरोध ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी नेशनल लोक अदालत का आगाज़ 81 खंडपीठों में हो रहा लंबित मामलों का निराकरण विजयनगर में शौर्य के साथ मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती विश्व थैलेसीमिया दिवस पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज में जांच शिविर का आयोजन जबलपुर: मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद पर मनोनीत होने के बाद डॉ. कैलाश जाटव के प्रथम नगर आगमन पर शहरभर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह मंच लगाकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। इसी कड़ी में ओमती क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय और स्थानीय व्यापारियों ने डॉ. जाटव को शाल-श्रीफल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। डॉ. कैलाश जाटव ने इस नई जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर मिले इस स्नेह और सम्मान के लिए सभी समर्थकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत सिवनी टोला में नई शराब दुकान खुलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दुकान का आवंटन बरखेड़ा गंगई के लिए हुआ था लेकिन नियमों के विरुद्ध इसे सिवनी टोला में संचालित किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में दुकान खुलने से महिलाओं का निकलना मुश्किल हो गया है और छोटे बच्चे नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं जिससे क्षेत्र में अपराध भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान को तत्काल बरखेड़ा गंगई स्थानांतरित किया जाए या इसे पूरी तरह बंद किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दुकान नहीं हटाई गई तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। इस विरोध ने आबकारी विभाग की आवंटन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत शीतला माई क्षेत्र में हुई 38 वर्षीय आरती चौधरी की संदिग्ध मौत ने अब उग्र रूप ले लिया है। शनिवार दोपहर न्याय की मांग को लेकर परिजन मृतका का शव लेकर थाने पहुंच गए और जोरदार हंगामा करते हुए घेराव कर दिया। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। थाने के बाहर बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सीएसपी मधुर पटेरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम महिला का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला था जिसकी सूचना उसके पति ने पुलिस को दी थी। जबलपुर: वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। वर्चुअली माध्यम से संजीव सचदेवा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया जिसके बाद जिला न्यायालय जबलपुर में कृष्ण मूर्ति मिश्रा ने सरस्वती पूजन कर कार्यवाही शुरू की। इस बार जिले में त्वरित न्याय और आपसी समझौते के लिए कुल 81 खंडपीठों का गठन किया गया है। इन खंडपीठों में चेक बाउंस मोटर दुर्घटना दावा (MACT) सिविल विवाद बिजली बिल और ट्रैफिक चालान जैसे हजारों लंबित प्रकरणों की सुनवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य जटिल कानूनी प्रक्रियाओं से बचकर आपसी सहमति के जरिए आम जनता को सरल और त्वरित न्याय दिलाना है। अदालती परिसर में सुबह से ही पक्षकारों की भारी भीड़ उमड़ रही है जहाँ वर्षों पुराने विवादों को सुलझाकर मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है। जबलपुर: विजयनगर स्थित सिसोदिया पैलेस में आज वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन शामिल हुए। इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया और अर्चना सिसोदिया ने महाराणा प्रताप के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उपस्थित अतिथियों और क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मनोज सिंह भदोरिया कुंवर सिंह राजपूत सहित महासभा के अनेक कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्र प्रेम और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है जिसे भावी पीढ़ी को आत्मसात करना चाहिए। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में थैलेसीमिया और सिकलसेल बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया गया। थैलेसीमिया जनजागरण समिति और मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और सीएमई सत्र आयोजित हुए। मरीजों को एचएलए जांच काउंसलिंग और विशेषज्ञ उपचार परामर्श की सुविधाएं दी गईं। कार्यक्रम में 50 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लेकर बोन मैरो ट्रांसप्लांट आधुनिक उपचार और गर्भावस्था के दौरान स्क्रीनिंग के महत्व पर चर्चा की। आयोजकों ने आनुवंशिक बीमारियों से बचाव के लिए विवाह पूर्व जांच और जागरूकता को आवश्यक बताया। मध्यप्रदेश के तीर्थयात्रियों के लिए IRCTC ने पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा का विशेष टूर पैकेज लॉन्च किया है। इसके तहत भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन 12 जून 2026 को इंदौर से रवाना होगी। यह ट्रेन उज्जैन रानी कमलापति इटारसी जबलपुर कटनी और सतना स्टेशनों पर रुकते हुए यात्रियों को लेकर नेपाल की ओर बढ़ेगी। 9 रात और 10 दिनों के इस व्यापक पैकेज में पशुपतिनाथ मंदिर चितवन नेशनल पार्क पोखरा और काठमांडू जैसे प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रियों को ट्रेन यात्रा के साथ-साथ भोजन एसी बस होटल में ठहराव टूर एस्कॉर्ट सुरक्षा और यात्रा बीमा जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी बुकिंग करा सकते हैं। पाटन थाना क्षेत्र के खैरी गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस ने मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एम्बुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में नोनी गांव निवासी सौरभ पटेल की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया कि सौरभ अपने घायल भाई को अस्पताल ले जा रहे थे। घटना के बाद पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। बस यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।