बरगी डैम क्रूज हादसे को लेकर राजनीति गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर इस घटना को घोर प्रशासनिक लापरवाही करार दिया है। कांग्रेस ने मांग की है कि घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल आपराधिक प्रकरण FIR दर्ज किया जाए और प्रदेश के पर्यटन मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए इस्तीफा लिया जाए। पूर्व विधायक संजय यादव ने एक गंभीर खुलासा करते हुए बताया कि 10 अप्रैल को इसी क्रूज पर जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक बिना किसी सुरक्षा मानकों के आयोजित की गई थी जिसके साक्ष्य भी मौजूद हैं। कांग्रेस ने मांग रखी है कि मृतकों और घायलों की सहायता राशि में बढ़ोत्तरी की जाए यात्रियों की पूरी सूची सार्वजनिक हो और वॉटर स्पोर्ट्स के सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। चेतावनी दी गई है कि यदि इस जानलेवा लापरवाही पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। शहर के कटंगी बायपास स्थित लॉजिस्टिक पार्क में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर के तीन बड़े गोदाम इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए शहर के चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया वहीं 25 से ज्यादा दमकल वाहन लगातार राहत कार्य में जुटे रहे। आग पर काबू पाने के लिए 100 से ज्यादा ट्रिप पानी वाटर टैंकरों के जरिए मौके पर पहुंचाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। शहर के घनी आबादी वाले रांझी बड़ा पत्थर क्षेत्र में नई शराब दुकानें खोलने के विरोध में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। ब्लॉक अध्यक्ष आशु अवस्थी और वरिष्ठ नेता रविंद्र भाई के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जहाँ सरकार को स्कूल और कॉलेज खोलने चाहिए वहाँ वह रांझी जैसे क्षेत्रों को नशे की गर्त में धकेलने के लिए शराब दुकानों की संख्या बढ़ा रही है।पार्षद राजेश यादव ने तीखे तेवर दिखाते हुए क्षेत्रीय विधायक और सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बड़ा पत्थर में पहले से ही शराब का कारोबार फल-फूल रहा है ऐसे में नई दुकानें खोलना जनहित के विरुद्ध है। कांग्रेस ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि यदि शराब की दुकान हटाने का फैसला नहीं लिया गया तो पूरे क्षेत्र में उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। गोसलपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित मिडवे के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कटनी से जबलपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए हैं जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे जाकर पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। सूचना मिलते ही गोसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार में ओवरटेक करना सामने आया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP 20 A 0372) और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया फ्लाईओवर अब लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। मंगलवार दोपहर अचानक फ्लाईओवर से कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े नीचे गिरने लगे जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन जमीन पर गिरे टुकड़ों का आकार देखकर संभावित खतरे का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। फ्लाईओवर की गुणवत्ता को लेकर यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उद्घाटन से पूर्व इसमें दरारें सामने आई थीं जिन्हें जांच के बाद “एक्सपेंशन” बताकर नजरअंदाज कर दिया गया था। अब एक बार फिर कंक्रीट गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।मामले में PWD ब्रिज डिवीजन के EE पटले से संपर्क नहीं हो सका जबकि EE शिवेंद्र सिंह ने इसे मौसम में बदलाव के कारण “स्लरी” के झड़ने की सामान्य प्रक्रिया बताया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि समय रहते चिपिंग का कार्य किया जाना चाहिए था। घटना के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू कर दिया गया लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी परियोजना में ऐसी लापरवाही की जिम्मेदारी कौन तय करेगा। शहर के एक शोरूम में धार्मिक प्रतीकों पर रोक लगाने के आरोप को लेकर विश्व हिंदू परिषद और हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। संगठनों का आरोप है कि शोरूम मैनेजर द्वारा कर्मचारियों को तिलक लगाने कलावा बांधने और जय श्रीराम बोलने पर प्रताड़ित किया जा रहा है। विहिप पदाधिकारियों ने इसे आस्था का अपमान बताते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा और दो टूक कहा कि संस्कारधानी में हिंदू संस्कृति का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और शांतिपूर्ण समाधान का आश्वासन दिया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाते हुए लोकायुक्त सागर की टीम ने दमोह में शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपियों में शिक्षक अनिल साहू बाबू मनोज श्रीवास्तव और सहायक ग्रेड-3 नीरज सोनी शामिल हैं। इन तीनों ने मिलकर एक निलंबित शिक्षक की विभागीय जांच समाप्त करने और मनचाही पोस्टिंग दिलाने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी जिसका सौदा बाद में 80 हजार रुपये में तय हुआ था। लोकायुक्त टीम ने शिकायत की पुष्टि होने के बाद सोमवार रात भोपाल-दमोह रोड पर जाल बिछाया और जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली उन्हें रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों को जबलपुर नाका चौकी ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। लोकायुक्त की इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से शिक्षा विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।