Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
04-May-2026

जबलपुर: बरगी डैम में हुई दर्दनाक क्रूज दुर्घटना से सबक लेते हुए विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। भेड़ाघाट नगर परिषद ने संगमरमर की वादियों में नौका विहार करने वाले सैलानियों के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब पंचवटी घाट पर सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही नौका विहार की अनुमति होगी ताकि बदलते मौसम और शाम के वक्त होने वाले खतरों से बचा जा सके।नगर परिषद अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी ने नाविकों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी पर्यटक को बिना लाइफ जैकेट के नाव में न बैठाया जाए। साथ ही क्षमता से अधिक सवारी भरने वाले नाविकों और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। पंचवटी में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित रहकर नर्मदा का दीदार कर सकें। बरगी डैम क्रूज हादसे में जान गंवाने वाले पर्यटकों की आत्मशांति के लिए मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस ने शहर में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला। प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में यह मार्च पहाड़िया पैलेस से शुरू होकर रद्दी चौकी होते हुए अब्दुल हमीद चौक पर संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन चलते हुए नजर आए। कैंडल मार्च के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई और मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर यश लखन घनघोरिया ने कहा कि यह दुखद घटना पूरे शहर के लिए अपूरणीय क्षति है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य हैं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सोनू कुकरेले ओवैस अंसारी पारस जैन सहित कई पदाधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे जिन्होंने दो मिनट का मौन रखकर कार्यक्रम का समापन किया। रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी जबलपुर को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 के आउटर से कटनी निवासी शातिर बदमाश विवेक वैध को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने करीब 258000 रुपये कीमत के चोरी के जेवरात बरामद किए हैं जिनमें सोने का मंगलसूत्र चेन बाली लॉकेट और चांदी की पायल शामिल हैं।कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करीब 10-11 महीने पहले हमसफर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक बैग चोरी किया था। वह इन जेवरातों को बेचने की फिराक में जबलपुर आया था लेकिन ग्राहक न मिलने के कारण वापस कटनी लौटते समय पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ स्थाई वारंट भी जारी था। थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गोहलपुर थाने के बाहर वाहन चेकिंग के दौरान लोगों और जनप्रतिनिधियों से अभद्रता करने के मामले में वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त कदम उठाया है। विवाद और भारी विरोध प्रदर्शन के बाद एएसआई रंजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर भाजपा पार्षद और उनके समर्थकों ने थाने का घेराव कर एएसआई के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई थी।एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक शिकायतों के आधार पर एएसआई को लाइन अटैच किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन जनता के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और यदि जांच में अन्य गंभीर गलतियाँ पाई जाती हैं तो उनके विरुद्ध और भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर: शहर की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने धनवंतरी नगर इलाके से एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया साइट्स के जरिए अश्लील वीडियो और चाइल्ड पोर्नोग्राफी बेचने का अवैध धंधा चला रहा था। आरोपी पिछले 6 महीनों से इंटरनेट पर सक्रिय था और उसने अपनी साइट पर बाकायदा 99 और 199 रुपए के प्लान बना रखे थे।एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने भुगतान के लिए अपनी प्रोफाइल पर क्यूआर कोड दे रखा था जिसके माध्यम से वह पैसे वसूलता था। साइबर सेल की तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी को धनवंतरी नगर से धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ग्राहकों की तलाश में जुटी है ताकि इस घिनौने कृत्य की जड़ तक पहुंचा जा सके। पश्चिम बंगाल चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन से संस्कारधानी के भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई है। रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह से ही वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। कार्यकर्ताओं ने बड़ी स्क्रीन पर चुनावी नतीजे देखे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने इस परिणाम को लोकतंत्र की जीत बताते हुए मीडिया से कहा कि यह बंगाल में ममता सरकार के कुशासन और तुष्टीकरण की हार है। उन्होंने बंगाल में हिंदुओं पर हुए कथित अत्याचारों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता ने टीएमसी की अराजकता को नकार कर प्रधानमंत्री मोदी के विकासवाद को चुना है। कार्यालय में जश्न का माहौल देर शाम तक जारी रहा जहाँ कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारों के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। बरगी डैम में हुए हृदय विदारक क्रूज हादसे के पीड़ितों को याद करते हुए संस्कारधानी श्री अयोध्यावासी वैश्य समाज समिति और महिला मंडल द्वारा एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों और नागरिकों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखकर अपनी भावभीनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।महिला मंडल की अध्यक्ष भावना गुप्ता और अपर्णा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस भयावह हादसे ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना सबक है कि सुरक्षा मानकों में एक छोटी सी लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी का रूप ले सकती है। इस शोक सभा में समाज के अध्यक्ष संदीप गुप्ता सहित नीरज आचार्य पूर्णिमा गुप्ता श्वेता गुप्ता और अजय गुप्ता जैसे अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे जिन्होंने शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। संस्कारधानी में आज राष्ट्रीय सामाजिक संगठन कहार महासंघ की एक महत्वपूर्ण विशेष बैठक आयोजित की गई जिसमें देशभर के राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के भीतर एकता को मजबूत करना और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज को एक नई दिशा प्रदान करना रहा।चर्चा के दौरान वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के स्तर को सुधारने और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही भविष्य में होने वाले सामाजिक आयोजनों को भव्य और संगठित रूप देने के लिए आपसी तालमेल और सामंजस्य बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे सामाजिक कुरीतियों को दूर कर समाज के हर वर्ग को शिक्षित और सशक्त बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्कारधानी के अधारताल थाना क्षेत्र के महाराजपुर में पुलिस की दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी कल्लू राम साहू ने कटनी ट्रैफिक पुलिस में तैनात सब-इंस्पेक्टर राजकुमार झारिया और उनके परिवार पर अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि जब उसने अपनी जमीन बचाने का प्रयास किया तो सब-इंस्पेक्टर ने पद का दुरुपयोग करते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित कल्लू राम ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी जमीन वापस दिलाने और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जांच की तैयारी कर रहे हैं।