Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
29-Apr-2026

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस वर्ष 5.66 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। 12वीं में जिज्ञासु वर्मा (98.60%) ने टॉप किया जबकि ओमनी (98.20%) दूसरे स्थान पर रहीं। 10वीं में संध्या नायक ने 594/600 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। रिया केसरवानी और रायपुर की दीपांशी बुद्ध 593 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं जबकि कल्पना यादव 592 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। जानकारी अरुण साव ने दी। राज्य सरकार ने “छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति 2026” को मंजूरी दी जिससे शहरों में सस्ती और स्वच्छ गैस उपलब्ध होगी। राजनांदगांव में क्रिकेट अकादमी के लिए 5 एकड़ जमीन रियायती दर पर देने का फैसला भी लिया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 6809 हितग्राहियों को 11.98 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। वहीं 1988 बैच के IPS अधिकारियों—संजय पिल्ले आर.के. विज और मुकेश गुप्ता—के 2019 के पदावनति आदेश को निरस्त कर पूर्व स्थिति बहाल करने का निर्णय लिया गया। राज्य सरकार 1 मई से ‘सुशासन तिहार’ मनाने जा रही है। इस पर दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अपनी नाकामियों को छुपाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का कामकाज अच्छा होता तो ऐसे आयोजन की जरूरत नहीं पड़ती। बैज ने यह भी सवाल उठाया कि पिछली बार आए लाखों आवेदनों का क्या हुआ और इसे सिर्फ प्रोपेगेंडा बताया। प्रदेश में धान भंडारण को लेकर सियासत तेज हो गई है। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण करीब 20 लाख मीट्रिक टन धान संग्रहण केंद्रों में खुले में पड़ा है जो बेमौसम बारिश से भीगकर खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदे गए धान का सही निराकरण नहीं हो पा रहा है। बैज ने सुझाव दिया कि केंद्र से बात कर इस धान से बने चावल को सेंट्रल पूल में शामिल किया जाए ताकि राज्य को नुकसान न हो। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 3100 रुपये में खरीदे धान को 2000 रुपये प्रति क्विंटल में नीलाम कर रही है और फिर भी उसे बेच नहीं पा रही। उन्होंने आशंका जताई कि बाद में धान खराब होने का हवाला देकर भ्रष्टाचार किया जा सकता है। बस्तर जिले के रेटावंड गांव में प्रार्थना को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक गुट ने चर्च के पास्टर के साथ मारपीट कर दी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार उड़ीसा से आया एक परिवार कुछ समय से गांव में रह रहा था। ग्रामीणों ने परिवार और पास्टर पर धर्म प्रचार का आरोप लगाया जिसके बाद तनाव बढ़ गया और झड़प की स्थिति बन गई। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाकर आपसी समझौता कराया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है।