छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम कल घोषित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के नतीजे बुधवार दोपहर 2:30 बजे जारी किए जाएंगे। मंत्री ने विद्यार्थियों को धैर्य बनाए रखने और परिणाम को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी है। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार 1 मई से 10 जून तक “सुशासन तिहार” मनाएगी। इस दौरान प्रदेशभर में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।अभियान के तहत मंत्री सांसद विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15–20 ग्राम पंचायतों के समूह में तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित होंगे जहां शिकायतों का मौके पर पंजीयन कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इधर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस अभियान पर सवाल उठाते हुए सरकार पर किसानों युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया है। छत्तीसगढ़ के चर्चित भारतमाला घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए धमतरी जिले के कुरूद में कार्रवाई की। ईडी की टीम ने बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर छापेमारी की।इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्या यह मामला केवल भूपेंद्र चंद्राकर तक सीमित है या इसके तार अजय चंद्राकर से भी जुड़े हैं। बैज ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई के बाद उन्हें सत्ताधारी दल में शामिल कर क्लीन चिट देने का एक पैटर्न दिखता है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि या तो पार्टी के वरिष्ठ नेता को राजनीतिक रूप से कमजोर किया जा रहा है या सरकार के खिलाफ मुखर रहने वालों को दबाने की कोशिश हो रही है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राजधानी रायपुर में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार अपराध पर सख्ती से लगाम कस रही है। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।