भोपाल। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी में शराब दुकान को लेकर महा-संग्राम छिड़ गया है। आर्य समाज मंदिर से महज 40 मीटर की दूरी पर संचालित ठेके के खिलाफ सैकड़ों महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रशासन को सीधी चुनौती दी है। हैरानी की बात यह है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी के आंदोलन को क्षेत्रीय भाजपा पार्षद शिखा मोनू गोहिल और भाजपा कार्यकर्ताओं का भी खुला समर्थन मिला है। त्रिपाठी ने कहा कि एक साल से प्रशासन और मानवाधिकार आयोग के चक्कर काट रहे हैं लेकिन प्रियंक कानूनगो के आदेश के बाद भी कलेक्टर मौन हैं। आक्रोशित रहवासियों ने दो टूक एलान किया है। अगर दुकान नहीं हटी तो हम खुद ताला मारेंगे। मंदिर और रिहायशी नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इस ठेके के खिलाफ अब भोपाल में बड़ा जन-आंदोलन खड़ा हो गया है।