गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के चिचिया पंचायत अंतर्गत दासोपारा गांव में स्वीकृत पेयजल योजना के कार्य न होने का मामला सामने आया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य धनमति यादव ने थाने पहुंचकर निर्माण कार्य की “गुमशुदगी” की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार गांव में पेयजल संकट को देखते हुए पानी टंकी निर्माण और पाइपलाइन विस्तार के लिए करीब 3 लाख रुपये की योजना स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि आधी राशि एडवांस निकालने के बावजूद दो साल बाद भी चयनित स्थल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। पूर्व जिप सदस्य ने पहले जनपद और जिला पंचायत कार्यालय में भी कई बार शिकायत की लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्होंने थाने का रुख किया। पुलिस ने मामले में धारा 155 के तहत कार्रवाई की है। इधर दासोपारा गांव में 4 वार्डों की करीब 600 की आबादी है जहां केवल एक हैंडपंप होने से लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-शाम महिलाओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। कबड्डी विश्व कप-2025 में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी संजू देवी को राज्य सरकार ने सम्मानित किया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उन्हें 50 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। बांग्लादेश में आयोजित इस प्रतियोगिता में संजू देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ (MVP) का खिताब भी मिला जिससे प्रदेश का नाम रोशन हुआ। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है और उम्मीद है कि वह आगे भी देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करती रहेंगी। दुर्ग जिले के खारुन नदी पर बनी पुलिया का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। कुम्हारी टोल प्लाजा से रायपुर की ओर आने-जाने वाले दोनों मार्गों को यातायात के लिए खोल दिया गया है। पुलिया को अब भारी और हल्के दोनों वाहनों के लिए सुरक्षित रूप से खोल दिया गया है जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था फिर से सुचारू हो गई है। मरम्मत कार्य के दौरान सहयोग के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दुर्गवासियों और राहगीरों का आभार जताया। पुलिस ने आम नागरिकों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन के अनुसार समय पर मरम्मत कार्य पूरा होने से कुम्हारी क्षेत्र में अब बिना किसी बाधा के यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सकेगा। राजधानी रायपुर के विधायक विश्राम गृह परिसर में विंग कमांडर विपुल यादव की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के शहंशाहपुर निवासी 39 वर्षीय विपुल यादव रायपुर में पदस्थ थे और परिवार के साथ विधायक कॉलोनी में रह रहे थे। उन्होंने 10-11 मार्च 2026 की रात अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल निरीक्षण में मौत का कारण फांसी ही पाया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि विपुल यादव और अर्जिता श्रीवास्तव ने वर्ष 2014 में प्रेम विवाह किया था। मृतक के पिता के अनुसार शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के गतौरी के पास एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां 29 वर्षीय युवक मनजीत जायसवाल ने खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया है। जानकारी के अनुसार पौसरी निवासी मनजीत जायसवाल ने पहले नजदीकी पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा और कुछ दूरी पर जाकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इसके बाद उसने खुद को आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य में 16 से 19 अप्रैल तक हीट वेव (लू) चलने की संभावना जताई है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि राजधानी रायपुर में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य और पूर्वी भारत के क्षेत्रों में लू चलने और तापमान में और वृद्धि की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मरुस्थल से आ रही शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में गर्मी और अधिक बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. गायत्री के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। कई क्षेत्रों में लू चलने की स्थिति बनेगी और अल्ट्रा वॉयलेट किरणों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त पानी का सेवन करें। पूरे सप्ताह राहत मिलने की संभावना कम बताई जा रही है।