बीजेपी दफ्तर के सामने सामूहिक आत्मदाह करेंगे कर्मचारी मध्य प्रदेश में सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स अस्थायी और अंशकालीन कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे 28 अप्रैल 2026 को भोपाल स्थित बीजेपी मुख्यालय के सामने सांकेतिक सामूहिक आत्मदाह करेंगे। इस संबंध में ‘आउटसोर्स अस्थायी अंशकालीन ग्राम पंचायत कर्मचारी संयुक्त मोर्चा’ ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखकर अपनी समस्याएं बताई हैं। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के अनुसार प्रदेश में बड़ी संख्या में कर्मचारी बेहद कम वेतन पर काम करने को मजबूर हैं। कई विभागों में कर्मचारियों को मात्र 2 हजार से 8 हजार रुपए मासिक मिल रहे हैं जो निर्धारित न्यूनतम वेतन (12425 से 16769 रुपए) से काफी कम है। ब्लैकमेल करने वाली फैमिली गैंग बुजुर्ग से 33 लाख वसूले मध्य प्रदेश के शाजापुर में वसूली के लिए एक परिवार ने गैंग बनाई। इसमें पति–पत्नी और बेटा–बहू शामिल थे। सरगना सोशल मीडिया पर लोगों से दोस्ती करती और वीडियो बनाकर रेप केस में फंसाने की धमकी देती थी। बाकी तीनों पैसे लाने और धमकाने में मदद करते थे। आरोपियों ने दुष्कर्म की धमकी देकर एक बुजुर्ग से 33 लाख रुपए वसूले और सब-इंस्पेक्टर को भी ठगा। सरगना पार्वती बैरागी अनपढ़ है लेकिन लिखना–पढ़ना जानती है। पति राजेंद्र बैरागी इकलेरा मंदिर में पूजा-पाठ करता है। बेटा शरद बैरागी 10वीं पास और पेशे से ड्राइवर है। उसकी पत्नी संजना बैरागी 12वीं पास है। पुलिस ने 11 अप्रैल को चारों को शुजालपुर से गिरफ्तार किया। आरोपियों से 10 लाख रुपए और कार बरामद हुई। 11 अप्रैल को चारों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। 12 अप्रैल को उन्हें जमानत मिल गई। उनके मोबाइल जब्त कर जांच में लिए गए हैं। भाजपा पार्षद के बेटे पर रेप का केस सतना में भाजपा पार्षद के बेटे पर 27 वर्षीय युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती से कई बार संबंध बनाए। अब वह दूसरी जगह शादी करने जा रहा है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 में केस दर्ज किया है। आरोपी फरार है। उसकी आखिरी लोकेशन जबलपुर मिलने पर पुलिस टीम वहां भेजी गई है। पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय युवती की मुलाकात अक्टूबर 2024 में रिश्तेदार की शादी में आरोपी तरुण सिंह लोधी उर्फ मनी से हुई थी। तरुण राजेंद्र नगर का रहने वाला है। मुलाकात के बाद दोनों में फोन पर बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने शादी का वादा किया। इसके बाद उसने युवती को होटल में बुलाकर बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाए। ग्वालियर में 8 महीने में 3 भाइयों की मौत ग्वालियर में 8 महीने के भीतर एक-एक कर तीन सगे भाइयों की मौत हो गई। एक की संदिग्ध हालात में मौत हुई जबकि दो ने फांसी लगा ली। अगस्त 2025 में किसी से मिलने गया बेटा जिंदा नहीं लौटा। इसके बाद बीते 20 दिन में दो भाइयों ने फांसी लगा ली। अब परिवार में बूढ़े मां-पिता और एक भाई बचा है। मामला न्यू साकेत नगर पड़ाव निवासी मोहन धानक के परिवार का है। पुलिस तीनों मौतों की जांच कर रही है लेकिन किसी की वजह पता नहीं चल सकी। पिता मोहन ने पुलिस पर जांच में लापरवाही के आरोप लगाते हुए सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। MP के 16 जिलों में लू की चेतावनी एमपी के 16 जिलों में गुरुवार को हीट वेव यानी लू की चेतावनी जारी की गई है। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल का सीजन में पहली बार इतने जिलों में अलर्ट है। अगले 4 दिन तक प्रदेश के कई जिले गर्म हवा की चपेट में रहेंगे। गुरुवार को जिन जिलों में लू चल सकती है उनमें रतलाम झाबुआ धार अलीराजपुर बड़वानी खरगोन बुरहानपुर खंडवा हरदा नर्मदापुरम बैतूल छिंदवाड़ा पांढुर्णा सिवनी मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इससे पहले छिंदवाड़ा पांढुर्णा और मंडला में लू जैसा असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी पड़ती है। इस बार भी ऐसा ही है। शुरुआती नौ दिन तक आंधी बारिश और ओले का दौर रहा। 10 अप्रैल से गर्मी बढ़ गई। अब असर ज्यादा रहेगा।