Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
13-Apr-2026

केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आज युवा कांग्रेस ने संस्कारधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। ट्रेड डील और सरकार की नाकामियों के विरोध में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली गई। जैसे ही कार्यकर्ताओं का हुजूम कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने घंटाघर पहुंचा पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। ​प्रदर्शन के उग्र होते ही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जिससे मौके पर काफी अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई। जब प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने बलपूर्वक गिरफ्तारियां कीं। हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन भेजा गया जहां मुचलके पर उन्हें रिहा किया गया। इस दौरान कांग्रेस के कई दिग्गज पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। गोहलपुर थाना अंतर्गत रद्दी चौकी क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के विरोध में स्थानीय निवासियों ने जमकर प्रदर्शन किया। रहवासियों का मुख्य विरोध मंदिर के पास संचालित हो रही इस दुकान को लेकर है। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।​स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर के समीप शराब दुकान होने से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं बल्कि शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। इससे महिलाओं और युवतियों का घर से निकलना दूभर हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद दुकान नहीं हटाई गई। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर मामला शांत कराया हालांकि रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द फैसला नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक में नेमा समाज महाकौशल एवं नेमा युवक समाज के तत्वाधान में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 15वीं बैठक और 31वीं सामान्य सभा का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ​समारोह के दौरान चिकित्सा कृषि शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 150 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया जिनमें राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त विशिष्ट व्यक्ति भी शामिल थे। कार्यक्रम में करीब 400 से अधिक लोगों की मौजूदगी रही। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज की होनहार प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और युवा पीढ़ी को समाज सेवा व राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मदन महल थाने में पदस्थ आरक्षक साकेत तिवारी पर अधिवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और गाली-गलौज के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना 11 अप्रैल की बताई जा रही है जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि पुख्ता सबूतों के बावजूद पुलिस विभागीय मिलीभगत के चलते अब तक एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है बल्कि उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस प्रशासनिक ढिलाई से नाराज अधिवक्ता समुदाय ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। जिला अधिवक्ता संघ से न्याय की गुहार लगाते हुए अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं और चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी आरक्षक पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र गोलबाजार में नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 से 60 अवैध अतिक्रमणों को जमींदोज कर दिया। सुबह निरीक्षण के बाद दोपहर में शुरू हुए इस अभियान के दौरान सड़कों और नालियों पर किए गए पक्के व कच्चे कब्जों को हटा दिया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे राहगीरों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों ने सड़क घेरकर दुकान लगाने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस मुहिम के बाद गोलबाजार की सड़कें अब काफी चौड़ी और व्यवस्थित नजर आ रही हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को सुगम बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।