एमपी में नया कानून अब गांवों में भी बनेंगी कॉलोनियां शहरों की बढ़ती आबादी और संसाधनों पर दबाव को देखते हुए सरकार ने शहरों से सटे गांवों में कॉलोनियां बनाने की मंजूरी देने का फैसला किया है। सरकार जल्द मप्र कॉलोनी एक्ट 2026 लाएगी। इसका ड्राफ्ट तैयार है। नियम बन चुके हैं। इसे कैबिनेट में पेश किया जाएगा। प्रस्तावित एक्ट के मुताबिक कॉलोनाइजर्स का रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा। अवैध कॉलोनी बनाने पर 10 साल की सजा और 1 करोड़ तक जुर्माना होगा। लापरवाही बरतने वाले अफसर को 3 महीने की सजा होगी। निम्न वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 15% मकान या जमीन आरक्षित करना जरूरी होगा। 2021 से पहले बनी अवैध कॉलोनियां नियमित की जाएंगी। ऐसी कॉलोनियां करीब 7 हजार हैं। शिक्षकों को मंत्री की सलाह धरना नहीं सुप्रीम कोर्ट जाएं 18 अप्रैल को प्रस्तावित शिक्षकों की “मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा” से पहले प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों के अलग-अलग बयान सामने आने से मामला और गरमा गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में लगी पुनर्विचार याचिका के फैसले का इंतजार कर रही है इसके बाद फैसला लिया जाएगा। किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन से इस फैसले में बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षक एक दिन धरना दें या 100 दिन तक आंदोलन करें इससे कुछ नहीं होने वाला। अगर उन्हें राहत चाहिए तो उन्हें सीधे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना चाहिए। सरकार कोर्ट के आदेश के खिलाफ जाकर अवमानना (कंटेम्प्ट) में नहीं फंसना चाहती। सिंह ने यह भी कहा कि विधि विभाग से परामर्श लिया जा चुका है और सरकार अपनी सीमाओं के भीतर रहकर ही निर्णय ले सकती है। उन्होंने शिक्षक संगठनों से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा धरना-प्रदर्शन में खर्च करने के बजाय पुनर्विचार याचिका के माध्यम से न्यायालय में प्रयास करें। एमपी के दो सांसद केरल-तमिलनाडु में लड़ रहे विधानसभा चुनाव मध्य प्रदेश की सियासत में इन दिनों सबकी नजरें दक्षिण भारत के चुनावी नतीजों पर टिकी हैं। इसकी वजह यह है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा के दो सांसद जॉर्ज कुरियन और डॉ. एल मुरुगन केरल और तमिलनाडु से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। यदि ये दोनों नेता अपनी-अपनी सीटें जीत जाते हैं तो मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदल जाएगा और खाली होने वाली सीटों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो सकती है। तमिलनाडु में डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 67 लाख तमिलनाडु के कोयंबटूर के एक शख्स को डिजिटल अरेस्ट कर 67 लाख 75301 रुपए ठगे गए। ठगी गई राशि का एक हिस्सा 47 लाख 75301 रुपए रतलाम में फेडरल बैंक के एक अकाउंट में जमा हुआ। रतलाम पुलिस ने रविवार को संबंधित जिस खाते में रुपए जमा हुए उसके खाता धारक और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। रतलाम के खाता धारक का बैंक अकाउंट म्यूल अकाउंट के रूप में यूज किया है। इसके बदले खाताधारक को कमीशन देने की बात सामने आई है। एसपी अमित कुमार ने बताया नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर केसी श्रीधर निवासी कोयंबटूर (तमिलनाडु) द्वारा Online Financial Fraud (Internet Banking Fraud) की शिकायत दर्ज की गई। शिकायतकर्ता को फ्राडस्टर्स द्वारा ‘डिजिटल अरेस्ट स्कैम’ कर कुल धोखाधड़ी 6775301 रुपए ठगे गए। कोयंबटूर पुलिस द्वारा जांच में पाया कि उक्त धोखाधड़ी की राशि का एक हिस्सा रतलाम में संबंधित फेडरल बैंक खाते में जमा हुआ है। इससे स्पष्ट हुआ कि यह खाता मल्टी-स्टेट साइबर फ्रॉड नेटवर्क में यूज किया गया। MP में अब लू चलेगी 16 अप्रैल से भीषण गर्मी आंधी-बारिश का दौर खत्म होते ही मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का असर शुरू हो गया है। रविवार को 5 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। रतलाम में सबसे ज्यादा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।IMD (मौसम केंद्र) भोपाल की माने तो प्रदेश में अब भीषण गर्मी पड़ेगी। 16 अप्रैल से हीट वेव यानी लू का असर शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार मालवा-निमाड़ यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के शहर सबसे गर्म हैं। रविवार को इन्हीं शहरों में पारा बढ़ा हुआ रहा। रतलाम के बाद खजुराहो में 40.4 डिग्री धार मंडला-नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री दमोह रीवा-टीकमगढ़ में 39.5 डिग्री खरगोन में 39.2 डिग्री रायसेन छिंदवाड़ा उमरिया सतना और मलाजखंड में पारा 39 डिग्री बैतूल-सागर में 38.8 डिग्री गुना-शाजापुर में 38.4 डिग्री नौगांव में 38.2 डिग्री खंडवा में 38.1 डिग्री सिवनी-सीधी में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में सबसे ज्यादा 39.2 डिग्री भोपाल में 38.6 डिग्री ग्वालियर में 36.1 डिग्री उज्जैन में 38.5 डिग्री और जबलपुर में पारा 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा।