Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
04-Apr-2026

शहर के होम साइंस कॉलेज में शनिवार को छात्रावास आवंटन की मांग को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले एससी और एसटी वर्ग की छात्राओं ने कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि पिछले चार महीनों से उन्हें आवास की सुविधा नहीं दी गई है जिसके कारण उन्हें निजी कमरों में महंगे किराए पर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में कलेक्टर और कमिश्नर को भी ज्ञापन सौंपे गए थे लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।छात्राओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने आगामी 6 अप्रैल से छात्रावास उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया है। हालांकि प्रदर्शनकारी छात्राओं ने इस पर संदेह जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर हॉस्टल आवंटित नहीं किया गया तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगी। छात्राओं का कहना है कि बार-बार मिलने वाले आश्वासनों के कारण उनकी पढ़ाई और आर्थिक स्थिति दोनों प्रभावित हो रही हैं। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में दो दिवसीय 46वें राष्ट्रीय महाधिवेशन और पांचवें महिला महाधिवेशन का भव्य शुभारंभ महाराजपुर बायपास स्थित दाऊ मैरिज गार्डन में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रहीं जिन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सत्र की शुरुआत की। इस अवसर पर देशभर के 24 राज्यों से आए लगभग 4000 प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही जिनका महिलाओं ने 24 कलशों के साथ पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन पटेल और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी मौजूद रहे।अधिवेशन के साथ ही जिला कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा 20वां युवक-युवती परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया जिसमें 250 से अधिक वैवाहिक योग्य युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया। इस दो दिवसीय आयोजन में समाज की एकता प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। भारत माता का रूप धरे बालिका की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और सामाजिक समरसता के रंग में डूबा नजर आया। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महाराजपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात टी.आई. शशि धुर्वे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने वाले लगभग 45 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।पुलिस टीम ने शहर के अंदर आने वाले और बाहर जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट रॉन्ग साइड ड्राइविंग वाहनों पर लगी काली फिल्म और अमानक नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष रूप से शिकंजा कसा गया। टी.आई. शशि धुर्वे ने बताया कि सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई से नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों में हड़कंप का माहौल देखा गया। विजय नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लूट और मारपीट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़ित विकास चक्रवर्ती ने बताया कि वह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपने भाई साकेत के साथ कूलर की मोटर खरीदने गया था तभी कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गाड़ी के कागजात चेक करने के बहाने उन्हें एक सुनसान पते (शैलपर्ण उद्यान के पीछे) पर बुलाया। जब दोनों भाई वहां पहुँचे तो 10 से 15 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पुरानी रंजिश या विवाद के चलते उन पर क्रिकेट बैट और लातों-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया।हमले के दौरान बदमाशों ने विकास के गले से 5 तोले की सोने की चेन और 5 हजार रुपये नगद वहीं उसके भाई साकेत से 2.5 तोले की सोने की चेन और करीब 4 हजार रुपये छीन लिए। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल अवस्था में पीड़ित परिजनों के साथ विजय नगर थाने पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जा सके।