हनुमान जयंती के पावन अवसर पर आज जाम सांवली हनुमान मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। मध्य प्रदेश महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से लाखों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। रात 2 बजे से अभिषेक शुरू होने के बाद से ही सुबह 4 बजे से लगातार दर्शन जारी हैं। मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “हनुमान जी की जय” के जयकारों से गूंज रहा है। चमत्कारी माने जाने वाले इस धाम में नाभि से निकलने वाला जल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है। हनुमान लोक में उत्सव जैसा माहौल है जहां भव्य सजावट ड्रोन शो और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन भीड़ को संभालने में जुटा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जाम सांवली आज पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा में डूबा नजर आ रहा है।