Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
02-Apr-2026

पश्चिम बंगाल-वोटर लिस्ट में नाम कटा चुनाव अधिकारी घेरे गए पश्चिम बंगाल में मालदा के मोताबारी में प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को चुनाव ऑफिस घेर लिया। करीब 7 इलेक्शन ऑब्जर्वर घंटो अंदर बंद रहे। इस बीच कुछ लोगों ने बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। देर रात तक हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस की सुरक्षा में चुनाव अधिकारियों को सुरक्षित जगह ले जाया गया। इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को X पर यमराज से मुलाकात का वीडियो शेयर किया है। राहुल गांधी ने बताया कि यह मुलाकात केरल के बालुस्सेरी में बस यात्रा के दौरान हुई। वीडियो में यमराज के वेश में एक व्यक्ति उनसे बातचीत करता नजर आता है। राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि UDF की ₹25 लाख रुपए तक की हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम से यमराज खुश नहीं हैं क्योंकि इससे उनका काम कम हो जाएगा लेकिन उनके लिए कोई दूसरा काम खोज लिया जाएगा। चंडीगढ़ ब्लास्ट में 2 नए वीडियो सामने आए चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी के मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट में 2 नए वीडियो सामने आए हैं। हमले से कुछ मिनट पहले वीडियो में BJP ऑफिस के पास स्थित एक अन्य दफ्तर के बाहर 2 संदिग्ध खड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में हमले के बाद दोनों संदिग्ध सड़क के दूसरी ओर भागते हुए कैद हुए हैं। बुधवार शाम को पंजाब बीजेपी के मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट हुआ था। इससे मौके पर खड़ी कई कारों के शीशे टूट गए और आसपास की दीवार पर छर्रों के निशान बन गए। घटना के 2 वीडियो वायरल हुए जिसमें से एक में व्यक्ति ग्रेनेड बम फेंकता दिखा। जबकि दूसरे वीडियो में बाइक पर जाते दो लोग दिखे जिन्हें हमलवार बताया गया। वहीं सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी वायरल हुई जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन ने ली। अब तक पुलिस ने इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है। चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने कहा था कि क्रूड जैसी चीज फेंकी गई है। चंडीगढ़ पुलिस और सीएफएसएल की टीम बीजेपी ऑफिस के बाहर जांच में जुटी हुई हैं। लोकसभा में आज CAPF बिल पेश होगा राज्यसभा से पास संसद के बजट सत्र के दौरान आज लोकसभा में CAPF यानी सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) बिल पर चर्चा होगी। यह बिल बुधवार को राज्यसभा से पास हो चुका है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के इसे सदन में पेश करने की संभावना है। इस बिल में CAPF के वरिष्ठ पदों पर डिपुटेशन से नियुक्ति के नियम तय किए गए हैं। विपक्ष इस बिल के विरोध में है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि इसे उस दिन लाया जा रहा है जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी असम दौरे पर हैं। इसके अलावा आज राज्यसभा में अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी बनाने वाला बिल पेश किया जाएगा। इसे लोकसभा बुधवार को पास कर चुकी है। ट्रम्प बोले- ईरान जंग में जीत मिली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन दिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को ईरान जंग में जीत मिली है। साथ ही चेतावनी दी कि अमेरिका 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला करेगा। ट्रम्प ने आगे कहा कि ईरान की मिसाइल-ड्रोन क्षमता और नौसेना खत्म हो गई है। सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है। इस सैन्य अभियान का अहम मकसद पूरा होने वाला है। ट्रम्प ने यह भी चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान को स्टोन एज यानी पाषाणकाल में भेज देंगे। हालांकि उन्होंने यह दावा भी किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नई लीडरशिप पहले से कम कट्टर है। ईरान में इस्लामिक गार्ड के हाथ में पूरा कंट्रोल ईरान में सरकार और धार्मिक सेना (IRGC) के बीच टकराव बढ़ने की खबर है। तेहरान टाइम्स रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की ताकतवर सेना जैसी संस्था इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और राष्ट्रपति मसूद पजशकियान के बीच सत्ता को लेकर खींचतान चल रही है। अखबार के मुताबिक IRGC ने देश का कंट्रोल अब अपने हाथ में ले लिया है। दावा यह भी है कि राष्ट्रपति पजशकियान की मुलाकात सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई से नहीं हो पा रही है। दरअसल इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान को लेकर एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है। ट्रम्प के मुताबिक उनकी टीम कुछ ‘समझदार’ ईरानी नेताओं के संपर्क में है और बातचीत के जरिए हालात को शांत करने की कोशिश की जा रही है।