होटल-रेस्टोरेंट अब नहीं वसूल सकेंगे ‘LPG चार्ज’ केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि होटल और रेस्टोरेंट अब ग्राहकों से ‘LPG चार्ज’ अलग से नहीं ले सकेंगे। सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि रेस्टोरेंट अपने बिल में खाने की कीमत के अलावा केवल सरकारी टैक्स ही जोड़ सकते हैं। गैस की बढ़ती कीमतों या अन्य ऑपरेशनल खर्चों का हवाला देकर अलग से चार्ज वसूलना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। सभी इनपुट कॉस्ट को मेन्यू में शामिल करना अनिवार्य होगा। फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स पर सख्ती SEBI और Google का बड़ा कदम शेयर बाजार में बढ़ती खुदरा निवेशकों की भागीदारी के बीच फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स बड़ा खतरा बन गए हैं। इस जोखिम को कम करने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने अहम कदम उठाया है। सेबी के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने इन ऐप्स को गंभीर खतरा बताते हुए [Google]के साथ मिलकर ‘वेरिफाइड ऐप लेबल’ शुरू करने का ऐलान किया है जिससे निवेशकों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म की पहचान करने में मदद मिलेगी। WTO बैठक में भारत उठाएगा किसानों और मछुआरों का मुद्दा विश्व व्यापार संगठन (WTO) की कैमरून में होने वाली मंत्री स्तरीय बैठक में भारत छोटे किसानों और मत्स्यपालकों के हितों की जोरदार पैरवी करेगा। यह बैठक 26 मार्च से याउंदे में चार दिनों तक चलेगी। भारत की प्राथमिकता विकासशील देशों के लिए डिजिटल व्यापार जैसे नए क्षेत्रों में नीति बनाने की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना होगी ताकि आर्थिक हित सुरक्षित रह सकें। PNG कनेक्शन अनिवार्य LPG सिलेंडर हो सकता है बंद सरकार ने PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिन इलाकों में गैस पाइपलाइन पहुंच चुकी है वहां अगर उपभोक्ता 3 महीने के भीतर PNG कनेक्शन नहीं लेते हैं तो उनके घर आने वाला LPG सिलेंडर बंद किया जा सकता है। यह कदम ऊर्जा वितरण को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोने का भाव 6 हजार रुपए बढ़कर 1.46 लाख रुपए तक पहुंच गया है जबकि चांदी की कीमत 10 हजार रुपए बढ़कर 2.35 लाख रुपए प्रति किलो हो गई है। इस तेजी ने निवेशकों का ध्यान एक बार फिर कीमती धातुओं की ओर खींचा है।