पश्चिम बंगाल चुनाव: रेप पीड़िता की मां को टिकट दे सकती है बीजेपी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) आरजी कर रेप केस की पीड़िता की मां को नॉर्थ 24 परगना की पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बना सकती है। इस बीच बीजेपी ने 112 सीटों पर उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी है जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। असम और केरल में उम्मीदवारों की घोषणा तेज असम विधानसभा चुनाव के लिए भी बीजेपी ने 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जलुकबाड़ी सीट से लगातार छठी बार चुनाव मैदान में हैं और 2001 से इस सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे हैं। वहीं केरल में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 37 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। पार्टी ने इस बार किसी भी सांसद को चुनाव मैदान में न उतारने का फैसला किया है। मिजोरम सीमा पर बड़ा आतंकी नेटवर्क बेनकाब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पूर्वोत्तर में मिजोरम सीमा पर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रूसी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर अमेरिकी और यूक्रेनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर म्यांमार के हथियारबंद गुटों को ड्रोन और आधुनिक युद्ध तकनीक की ट्रेनिंग देने का आरोप है। यह गिरोह टूरिस्ट वीजा के जरिए भारत आकर अवैध तरीके से म्यांमार पहुंच रहा था। मिडिल-ईस्ट तनाव: नेतन्याहू ने मौत की अफवाहों का किया खंडन मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा “मैं जिंदा हूं।” उन्होंने दावा किया कि इजराइल ने ईरान की मिसाइल और परमाणु क्षमताओं को काफी हद तक खत्म कर दिया है और युद्ध में बढ़त बना ली है। अफगानिस्तान पर हमले को लेकर पाकिस्तान घिरा अफगानिस्तान पर हवाई हमले में 400 लोगों की मौत के बाद पाकिस्तान को इस्लामी दुनिया में कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुस्लिम विद्वान संघ ने इस हमले को इस्लामी सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। किम जोंग उन फिर बेटी के साथ दिखे सैन्य ताकत का प्रदर्शन उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन एक बार फिर अपनी बेटी के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं। सरकारी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में दोनों को टैंक पर सवार देखा गया। हाल ही में वे रॉकेट लॉन्च और हथियारों के परीक्षण के दौरान भी साथ दिखे थे जो देश की सैन्य शक्ति के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।