Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
11-Mar-2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में बालोद में आयोजित जंबूरी कार्यक्रम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने आयोजन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले जारी टेंडर को निरस्त कर एक खास ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए दूसरा टेंडर निकाला गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही काम शुरू कर दिया गया था। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जंबूरी कार्यक्रम सफल रहा है और विपक्ष इसकी सफलता पचा नहीं पा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन में शौचालय जल प्रकाश ध्वनि और आवास सहित अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए गए जबकि रायपुर की एक फर्म को 5 करोड़ 18 लाख 88 हजार रुपये का टेंडर दिया गया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अवैध अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने सरकार के जवाब पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई मामलों का मंत्री के जवाब में उल्लेख नहीं किया गया है।संगीता सिन्हा ने बताया कि उन्होंने अवैध अतिक्रमण के मामलों में जारी वारंट और की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी थी लेकिन राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के जवाब में कई महत्वपूर्ण मामलों का जिक्र नहीं है।उन्होंने कहा कि प्रदीप साहू के मामले में 17 सितंबर 2025 को तहसीलदार द्वारा बेदखली वारंट जारी किया गया था और दुर्गानंद साहू के मामले में 11 दिसंबर 2025 को वारंट जारी हुआ था लेकिन इन दोनों का जवाब में उल्लेख नहीं किया गया। विधायक ने गुरूर बाजार चौक का मामला भी उठाया जहां करीब 50 दुकानों को तोड़े जाने का आरोप है। उनका कहना है कि सुबह करीब 5 बजे कार्रवाई कर दुकानों को ध्वस्त किया गया लेकिन इसका भी जवाब में कहीं जिक्र नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सही जानकारी नहीं दे रहे हैं और मंत्रियों को गुमराह कर रहे हैं। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 8 किलो 321 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 4 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल है जो मध्यप्रदेश का निवासी है।पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना उरला और चौकी रामनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। उरला पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार चौक के पास एक युवक गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। घेराबंदी कर पुलिस ने सुमित वर्मा (19) निवासी उरला को पकड़ लिया जिसके पास से 3 किलो 115 ग्राम गांजा बरामद हुआ।वहीं गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी पुलिस ने अनिल अहीरवार (32) निवासी विदिशा (मध्यप्रदेश) को 5 किलो 206 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो 321 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उरला और गुढ़ियारी थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को गुम मोबाइल तलाशने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया। ये मोबाइल उत्तर प्रदेश मध्यप्रदेश राजस्थान ओडिशा महाराष्ट्र पश्चिम बंगाल झारखंड दिल्ली और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए। मोबाइल मिलने पर उनके मालिकों ने पुलिस का आभार जताया। प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि सरकार के लगातार अभियान से बस्तर में नक्सल संगठन कमजोर हुआ है और 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने बताया कि बस्तर रेंज में अब तक 108 नक्सलियों ने पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पण किया है जिनके साथ 101 हथियार भी जमा हुए हैं। ये नक्सली दंतेवाड़ा सुकमा बस्तर और नारायणपुर जिलों से जुड़े हैं।गृहमंत्री ने कहा कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर बीजापुर में जमीन में गाड़कर रखे करीब 3 करोड़ 60 लाख रुपये और लगभग 1 किलो सोना बरामद किया गया है।उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल संगठन की 26 एरिया कमेटियां लगभग खत्म हो चुकी हैं जबकि चार पर अभी कार्रवाई जारी है। सरकार का कहना है कि पुनर्वास योजना के जरिए नक्सलियों को मुख्यधारा में जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शून्यकाल में भाजपा विधायक रिकेश सेन को मिली जान से मारने की धमकी का मामला सदन में गूंज उठा। विपक्षी विधायकों ने इस पर सरकार से जवाब की मांग की लेकिन आसंदी द्वारा व्यवस्था देने से इंकार किए जाने पर विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने भी इस विषय पर आसंदी से व्यवस्था देने की मांग करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार या संबंधित पक्ष की ओर से स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।वहीं भाजपा विधायक रिकेश सेन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना पूरी जानकारी के सदन का बहिष्कार करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है और वे इससे जुड़ी पूरी जानकारी सरकार तथा संसदीय कार्य मंत्री को दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति नहीं होनी चाहिए केंद्र सरकार के 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद मुक्त बनाने के लक्ष्य के बीच बस्तर में बड़ी सफलता मिली है। दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 108 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया जिनमें 44 महिलाएं शामिल हैं। इन सभी पर कुल 3.29 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। डीजीपी अरुण देव गौतम ने बताया कि आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने कार्रवाई कर AK-47 इंसास LMG और BGL सहित 101 हथियार बरामद किए। साथ ही 3.61 करोड़ रुपये नकद और करीब 1 किलो सोना भी मिला है।