Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
11-Mar-2026

अंजना हत्याकांड अब CBI करेगी जांच भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ेंगी प्रदेश के सागर जिले (बरोदिया नौनागिर) के बहुचर्चित अंजना हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को ऐतिहासिक और कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मध्य प्रदेश पुलिस की जांच थ्योरी को नकारते हुए इस पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI) को सौंप दी है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस एनके सिंह की बेंच ने यह आदेश जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पीड़ित परिवार शुरुआत से ही यह आरोप लगाता रहा है कि आरोपियों को पूर्व मंत्री और स्थानीय रसूखदारों का सीधा राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है जिसके कारण पुलिस ने कभी निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री ने सुरभि के निधन पर दुख व्यक्त किया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडलेवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के आकस्मिक निधन पर गहन दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए स्व. सुरभि को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजन को इस असीम दुख को सहन करने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। भीम आर्मी की संकल्प यात्रा पर पुलिस का लाठीचार्ज दतिया जिले के गोराघाट में बुधवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की संकल्प यात्रा के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। बिना अनुमति के ग्वालियर की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन आंसू गैस और हल्के लाठीचार्ज का उपयोग करना पड़ा। पुलिस ने करीब 100 लोगों को हिरासत में लेकर अस्थायी जेल भेज दिया है। ADPO और वेटनरी असिस्टेंट सर्जन एक्जाम की तारीखें जारी मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने 2 परीक्षाओं के लिए आवेदन की तारीखें जारी कर दी है। एडीपीओ के 17 पद और वेटनरी असिस्टेंट सर्जन के 80 पद हैं। एडीपीओ की एग्जाम के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 8 मई 2026 है। जबकि आयोग के अधिकारी डॉ. आर पंचभाई ने बताया कि एडीपीओ का एग्जाम 18 अक्टूबर 2026 और वेटनरी असिस्टेंट सर्जन की एग्जाम 2 अगस्त 2026 को आयोजित की जाना है। भोपाल में माइनिंग कारोबारी पर इनकम टैक्स का छापा राजधानी भोपाल में आयकर विभाग ने माइनिंग कारोबारी दिलीप गुप्ता के ठिकानों पर बुधवार सुबह छापा मारा है। दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने शहर के कई स्थानों पर एक साथ रेड डालकर जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम सुबह से ही दिलीप गुप्ता के भोपाल स्थित ठिकानों पर पहुंच गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की। भोपाल में राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई राष्ट्रीय महिला आयोग पूरे देश में जनसुनवाई कर रहा है। इसकी शुरूआत 9 मार्च से हुई है और 14 मार्च तक सुनवाई चलेगी। जिन राज्यों में राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष नहीं हैं वहां राष्ट्रीय महिला आयोग के पदाधिकारी पहुंचकर महिलाओं की शिकायतें सुन रहे हैं। इसी सिलसिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर आज भोपाल पहुंची हैं। एमएलबी कॉलेज में बेंच लगाई। भोपाल में हारमोनियम वादक ने किया सुसाइड भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में हारमोनियम वादक विवेक तिवारी ने मंगलवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार तड़के अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।