भोपाल के लिंक रोड नंबर-2 स्थित तुलसी नगर में नगर निगम की निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना गुरुवार को हुई जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर बुजुर्ग बिल्डिंग से कैसे गिरे। हादसे के बाद निगम प्रशासन सतर्क नजर आया। शुक्रवार को बिल्डिंग परिसर में मीडिया और अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई और मुख्य गेट पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया। वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने मौके पर पहुंचकर खराब इंजीनियरिंग को हादसे की वजह बताया। उनका कहना है कि बिल्डिंग में कई निर्माण संबंधी खामियां पहले से थीं जिन पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भवन में मीटिंग हॉल का निर्माण नहीं किया गया और पिछले हिस्से की सीढ़ियां भी कवर नहीं हैं जिससे पहले भी सवाल उठ चुके थे। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने लापरवाही बरती जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।