1. पेंटागन के क्लासिफाइड नेटवर्क पर तैनात होंगे OpenAI के मॉडल OpenAI और अमेरिकी रक्षा विभाग के बीच बड़ा समझौता हुआ है। इसके तहत कंपनी अपने एडवांस एआई मॉडल्स को पेंटागन के गोपनीय नेटवर्क पर तैनात करेगी। कंपनी के सीईओ Sam Altman ने X पर इसकी जानकारी दी। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रपति Donald Trump ने प्रतिद्वंद्वी कंपनी Anthropic की टेक्नोलॉजी के उपयोग पर रोक लगा दी है। अमेरिकी सेना युद्ध और निगरानी में एआई का व्यापक उपयोग चाहती है। 2. जैक डॉर्सी की कंपनी Block में 4000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी टेक इंडस्ट्री में बड़ा झटका देते हुए Jack Dorsey की डिजिटल पेमेंट कंपनी Block Inc. ने करीब 40% वर्कफोर्स कम करने का ऐलान किया है। 4000 से ज्यादा कर्मचारियों को निकाला जा रहा है। डॉर्सी ने कहा कि एआई के बढ़ते उपयोग और ऑपरेटिंग खर्च घटाने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया गया है। उन्होंने इसे कंपनी के इतिहास का सबसे कठिन निर्णय बताया। 3. तीसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8%: सरकार ने सालाना अनुमान बढ़ाया वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में देश की जीडीपी ग्रोथ 7.8% दर्ज की गई है। नई बेस ईयर 2022-23 के आधार पर रियल जीडीपी 84.54 लाख करोड़ रुपए रही जो पिछले साल इसी अवधि में 78.41 लाख करोड़ रुपए थी। सरकार ने पूरे वित्त वर्ष के लिए ग्रोथ अनुमान बढ़ाकर 7.6% कर दिया है। वैश्विक चुनौतियों और अमेरिकी टैरिफ के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती बरकरार है। 4. AI में 90 के दशक जैसी आईटी क्रांति दोहराएगा भारत: NSE चीफ National Stock Exchange of India के चीफ Ashish Kumar Chauhan ने कहा है कि भारत एआई के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा सर्विस हब बनने की क्षमता रखता है। मुंबई में आयोजित ‘IMC भारत कॉलिंग कॉन्फ्रेंस 2026’ में उन्होंने कहा कि जैसे 90 के दशक में भारत आईटी सर्विस में वैश्विक पहचान बना चुका है वैसे ही अब एआई में नई क्रांति देखने को मिलेगी। उन्होंने देश की युवा आबादी को इस बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बताया।